कांगड़ा में पैराग्लाइडिंग हादसा, दो पैरा पायलट सुरक्षित बचाए
धर्मशाला, 26 अप्रैल (हि.स.)। कांगड़ा जिला के बैजनाथ उपमंडल के गुरण धार क्षेत्र में रविवार को दुर्घटनाग्रस्त दो पैरापायलट को हेलीकॉप्टर की मदद से रेस्क्यू किया गया। पैराग्लाइडिंग दुर्घटना की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में सड़क संपर्क न होने के कारण सरकार द्वारा तत्काल वायुसेना के हेलीकॉप्टर सहायता का अनुरोध किया गया, और अविलंब कार्रवाई करते हुए दोनों पैराग्लाइडरों का सफल रेस्क्यू किया गया।
उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बताया कि राजस्थान निवासी पैराग्लाइडर पायलट अरुण सिंह दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जबकि एक अन्य पैराग्लाइडर रंजन गुप्ता पेड़ पर फंस गए थे। दोनों पायलटों को सुरक्षित निकालने के लिए वायु सेना के हेलीकॉप्टर की सहायता से विशेष बचाव अभियान चलाया गया। समन्वित प्रयासों से दोनों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए विवेकानंद अस्पताल पालमपुर में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
उन्होंने बताया कि दुर्घटनास्थल अत्यंत दुर्गम और जोखिमपूर्ण क्षेत्र में स्थित था, जहां पैदल पहुंचने में कई घंटे लग सकते थे। ऐसे में हेलीकॉप्टर रेस्क्यू ही एकमात्र प्रभावी विकल्प था। पुलिस, स्थानीय बचाव दल तथा एयरफोर्स के समन्वय से यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया