कांगड़ा जिला में वीरवार को दूसरे चरण में 282 पंचायतों में होगा मतदान, तैयारियां पूरी
धर्मशाला, 27 मई (हि.स.)। जिला कांगड़ा में पंचायती राज चुनावों के प्रथम चरण की मतदान और मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद जिला प्रशासन अब दूसरे और तीसरे चरण के चुनावों की तैयारियों में पूरी तरह जुट गया है। जिला में पहले चरण में कुल 287 पंचायतों में मतदान कराया गया था। इनमें से 286 पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान और वार्ड पंचों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। पूरे जिले में मतदान और मतगणना के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना या बड़ी अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली। वहीं अब कल वीरवार को दूसरे चरण में 282 पंचायतों में ग्रामीण संसद के लिये मतदाता अपने प्रतिनिधि चुनेंगे। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कांगड़ा हेम राज बैरवा ने बताया कि दूसरे चरण के चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
दूसरे और तीसरे चरण की तैयारियां पूरी
हेमराज बैरवा ने कहा कि पंचायत चुनावों के आगामी चरणों को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। दूसरे चरण में जिले की 282 पंचायतों में मतदान और मतगणना की प्रक्रिया नियमानुसार एक साथ संचालित की जाएगी। तीसरे चरण के तहत 277 पंचायतों में 30 मई को मतदान और मतगणना होगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक चरण के लिए प्रशासनिक और सुरक्षा इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए गए हैं, ताकि चुनाव प्रक्रिया सुचारू और पारदर्शी बनी रहे।
4,856 पोलिंग बूथों पर व्यवस्थाएं
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार पूरे जिले में कुल 4,856 पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं। वार्ड स्तर पर बूथ बनाए गए हैं और मतदान समाप्त होते ही सभी बैलेट बॉक्स पंचायत मुख्यालयों में एकत्रित कर तुरंत मतगणना शुरू करने की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक चरण में लगभग 1,600 से 1,700 मतदान केंद्रों पर चुनाव प्रक्रिया संचालित की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
दूसरे चरण के मतदान को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान पहले ही कर ली गई थी, जहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा, मोबाइल पेट्रोलिंग टीमें भी लगातार गश्त करेंगी ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
तीन चरणों में हो रहे हैं पंचायत चुनाव
हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव इस बार तीन चरणों में संपन्न किए जा रहे हैं। पहले चरण में 26 मई को कांगड़ा जिले की 287 पंचायतों में मतदान कराया गया। दूसरे चरण में 28 मई को 282 पंचायतों में मतदान होगा, जबकि तीसरे और अंतिम चरण के तहत 30 मई को शेष बची पंचायतों में मतदान संपन्न कराया जाएगा। कांगड़ा जिला में कुल 846 पंचायतों में चुनाव हो रहे हैं।
बड़ा भंगाल पंचायत की मतगणना 31 मई को
उपायुक्त ने बताया कि जिला के अति दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल पंचायत में बीते दिन पहले चरण में मतदान हुआ था। यहां से मतपेटियों को वापस लाने की प्रक्रिया जारी है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, बड़ा भंगाल पंचायत की मतगणना अब 31 मई को जिला परिषद, बीडीसी और नगर निगम चुनावों की मतगणना के साथ करवाई जाएगी।
पहले चरण में 75 फीसदी से अधिक मतदान
उधर बीते दिन 26 मई को जिले की 287 ग्राम पंचायतों में पहले चरण का मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ था। इस चरण में कुल 75.96 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। विशेष रूप से महिला मतदाताओं की भागीदारी इस चुनाव का सबसे बड़ा आकर्षण रही, जिन्होंने 81 प्रतिशत से अधिक मतदान कर लोकतंत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। दूसरे चरण के मतदान को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। गांवों में लोगों के बीच चुनावी चर्चाएं तेज हैं और प्रत्याशियों के समर्थक अपने-अपने स्तर पर प्रचार-प्रसार में जुटे हुए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया