नशे के खिलाफ मिलकर लड़ना होगा : आशीष बुटेल

 


धर्मशाला, 03 मार्च (हि.स.)। नशे के खिलाफ लड़ने के लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होना होगा। सामूहिक सहभागिता से इसे काबू पाया जा सकता है। पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल ने मंगलवार को यह अपील करते हुए कहा कि राज्य स्तरीय होली महोत्सव में इस साल कई नई पहल शुरु की है। इसमें से चिट्टे के खिलाफ रन फॉर पालमपुर मैराथन का आयोजन भी शामिल है।

उन्होंने इस आयोजन के लिए प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस साल महोत्सव में महानाटी और मिस पालमपुर के तौर पर नए आयोजनों को शामिल करवाया गया है। उन्होंने इस कार्य के लिए प्रशासन को शुभकामनाएं भी दी।

नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से ‘रन फॉर पालमपुर’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम को विधायक आशीष बुटेल द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह आयोजन होली उत्सव-2026 के अंतर्गत होली मेला कमेटी पालमपुर द्वारा किया गया। दौड़ का शुभारंभ पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह से हुआ। जिसमें विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी, युवा वर्ग, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा स्थानीय लोगों ने भाग लिया।

इस अवसर पर महोत्सव कमेटी के अध्यक्ष एवं एसडीएम डॉ. ओपी यादव ने कहा कि दौड़ का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने के लिए प्रेरित करना तथा स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश देना है। रन फॉर पालमपुर न केवल फिटनेस को बढ़ावा देगा बल्कि समाज में नशामुक्ति के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को भी सुदृढ़ करेगा। मैराथन के समापन पर विजेताओं को विधायक आशीष बुटेल ने नकद राशि और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित भी किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया