नूरपुर पुलिस ने सकुशल ढूंढ निकाली गुमशुदा दो युवतियां

 


धर्मशाला, 24 फ़रवरी (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत गुमशुदा दो युवतियों को सकुशल ढूंढ निकाला है। दोनों ही युवतियां बीते 21 फरवरी से गुमशुदा थीं। पुलिस थाना नूरपुर के अंतर्गत गुमशुदा 19 वर्षीय युवती, निवासी खन्नी, डाकघर बदूही, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा जोकि बीते 21 फरवरी से लापता थी, को पुलिस टीम द्वारा सफलतापूर्वक ट्रेस कर लिया है।

वहीं दूसरे मामले में पुलिस थाना डमटाल के अंतर्गत गुमशुदा 19 वर्षीय युवती, निवासी निवासी छन्नी, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा को भी नूरपुर पुलिस द्वारा सकुशल ट्रेस कर लिया है। दोनों युवतियों के संबंध में आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद नियमानुसार उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया है।

एसपी नूरपुर ने बताया कि पुलिस जिला नूरपुर आमजन से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की गुमशुदगी अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया