धर्मशाला कॉलेज की एनसीसी कैडेट वंशिका ने जीते स्वर्ण और रजत पदक

 

धर्मशाला, 16 सितंबर (हि.स.)। राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की एनसीसी कैडेट वंशिका ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित अखिल भारतीय थल सैनिक शिविर में स्वर्ण और रजत पदक जीतकर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। 5 एचपी बीएन एनसीसी धर्मशाला की कैडेट वंशिका ने पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ निदेशालय का प्रतिनिधित्व करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। नई दिल्ली स्थित डीजी एनसीसी परिसर में 31 अगस्त से 12 सितंबर तक आयोजित शिविर में वंशिका ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने जजिंग डिस्टेंस एंड फील्ड सिग्नल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक और सर्विस विषय में रजत पदक हासिल किया। राष्ट्रीय स्तर की इस उपलब्धि को उनकी मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षण के दौरान हासिल किए कौशल का परिणाम माना जा रहा है।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने कैडेट वंशिका को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। 5 एचपी बीएन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल जेके जोसेफ, उपप्राचार्य डॉ. संजय जसरोतिया और एनसीसी अधिकारी कैप्टन डॉ. रणजीत ठाकुर ने भी वंशिका की सफलता पर खुशी जताई।

16 रेंजर्स ने हासिल की निपुण योग्यता

राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के 16 रेंजर्स ने राज्य स्तरीय निपुण परीक्षण शिविर में सफलतापूर्वक निपुण योग्यता हासिल की है। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स हिमाचल प्रदेश की ओर से 10 से 14 सितंबर तक राज्य प्रशिक्षण केंद्र रिवालसर, मंडी में आयोजित शिविर में रेंजर्स की स्काउटिंग दक्षता, अनुशासन, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता का परीक्षण किया गया। महाविद्यालय के सभी 16 रेंजर्स ने निपुण स्तर की आवश्यकताओं को पूरा किया।

प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया और उपप्राचार्य डॉ. संजय जसरोतिया ने सफल रेंजर्स को बधाई दी। रेंजर लीडर डॉ. हर्ष दीपिका दत्ता ने शिविर से पहले तैयारियों और शिविर के दौरान विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया