कांगड़ा तथा हमीरपुर जिला के पूर्व नवोदय छात्रों ने डीसी बैरवा को किया सम्मानित
धर्मशाला, 23 नवंबर (हि.स.)।
जवाहर नवोदय विद्यालय के हमीरपुर एवं कांगड़ा जिला के पूर्व छात्रों द्वारा कांगड़ा के उपायुक्त एवं भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हेमराज बैरवा के सम्मान में मैकलोडगंज में विदाई सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
उल्लेखनीय है कि हेमराज बैरवा की हाल ही में केंद्र सरकार के ऊर्जा मंत्रालय में उप सचिव (डिप्टी सेक्रेटरी) के पद पर नियुक्ति हुई है। स्वयं जवाहर नवोदय विद्यालय (दौसा, राजस्थान) के पूर्व छात्र रहे बैरवा का पूर्व छात्र संघ के सदस्यों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। समारोह में हमीरपुर और कांगड़ा जिला के पूर्व नवोदय छात्रों जिनमें विभिन्न प्रशासनिक, चिकित्सा व शैक्षणिक पदों पर कार्यरत अधिकारी भी शामिल रहे।
नवोदय के पूर्व छात्रों ने कांगड़ा जिला प्रशासन में बैरवा के उत्कृष्ट कार्यकाल और जनहितैषी कार्यों की जमकर सराहना की। पूर्व छात्र संघ की ओर से बैरवा को हिमाचली टोपी, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और नई केंद्रीय जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर बैरवा ने भी नवोदय विद्यालय के अपने छात्र जीवन के अनुभवों को साझा किया और कहा कि नवोदय के संस्कारों ने ही उन्हें समाज सेवा और प्रशासनिक दायित्वों को बेहतर ढंग से निभाने की प्रेरणा दी है। उन्होंने सभी पूर्व छात्रों के स्नेह और सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया