सनसनीखेज पत्रकारिता के दौर में आत्ममंथन की आवश्यकता : मुकेश अग्निहोत्री

 


धर्मशाला, 16 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर राज्यस्तरीय समारोह सोमवार को धर्मशाला में आयोजित किया गया जिसकी अध्यक्षता उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने की। ‘‘पत्रकारिताः सनसनी या जिम्मेदारी’’ विषय पर आयोजित इस समारोह में अपने संबोधन के दौरान राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पत्रकारों को शुभकामनाएं देते हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि आज का दिन उन्हें यह आत्ममंथन करने का अवसर है कि पिछले कुछ सालों में पत्रकारिता के क्षेत्र में क्या-क्या बदलाव आए हैं तथा वर्तमान की चुनौतियों से किस प्रकार निपटा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि समाचार-पत्रों की विश्वसनीयता व प्रसांगिकता हमेशा कायम रहेगी भले ही कुछ समय के लिए उतार-चढ़ाव का दौर से ही क्यों न गुज़रना पड़े लेकिन जिम्मेदार और विश्वसनीय पत्रकारिता का महत्व हमेशा बना रहेगा। आज पत्रकारिता जगत के सामने सोशल मीडिया के रूप में नई चुनौती बनकर उभरी है जा बेलगाम चल रहा है और इस पर कुछ बंदिशें लगाने की बात बार-बार उठ रही है। सोशल मीडिया के आने से सूचना का दायरा बहुत बढ़ा है, लेकिन पारम्परिक समाचार-पत्रों और सोशल मीडिया पत्रकारिता में बड़ा अंतर है क्योंकि अखबार में कई स्तरों पर समाचार का सत्यापन होता है और साथ ही पत्रकार की जिम्मेदारी और जवाबदेही भी बनी रहती है।

उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया और इन्फ्लयूसेंर आम तौर पर रातों-रात प्रसिद्धि प्राप्त करने के लिए सनसनी वाली खबरें अधिक फैला रहे हैं जबकि उनकी जिम्मेदारी तय नही है। लेकिन यह स्थिति ज्यादा देर नहीं चलती और समय के साथ इसमें भी बदलाव आएगा।

अग्निहोत्री ने कहा कि मोबाइल और सोशल मीडिया के दौर में हर व्यक्ति के हाथ में सूचना प्रसारित करने का माध्यम पहुंच गया है। इसके साथ ही लोगों की निजी पसंद, गतिविधियों और डेटा पर भी कंपनियों की पहुंच बढ़ी है। ऐसे समय में पत्रकारिता के सामने नई चुनौतियां खड़ी हुई हैं। उन्होंने पत्रकारों से आह्वान किया कि वे अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए सच्चाई और तथ्यों पर आधारित पत्रकारिता करें।

उन्होंने कहा कि लिखा हुआ शब्द तलवार से भी अधिक गहरा घाव कर सकता है और एक बार प्रकाशित होने के बाद हमेशा रिकाॅर्ड में रहता है। इसलिए पत्रकारों को अपनी लेखनी की ताकत और जिम्मेदारी दोनों समझनी चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया