बबिता बनीं शाहपुर नगर पंचायत की अध्यक्ष, राजीव पटियाल उपाध्यक्ष
धर्मशाला, 12 जून (हि.स.)। नगर पंचायत शाहपुर के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए शुक्रवार को आयोजित बैठक में चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नगर पंचायत के निर्वाचित पार्षदों ने अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चयन किया।
वार्ड नंबर-3 से निर्वाचित उम्मीदवार बबिता को शाहपुर नगर पंचायत का अध्यक्ष चुना गया, जबकि वार्ड नंबर-5 से निर्वाचित राजीव पटियाल को उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया।
इस अवसर पर शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने नव निर्वाचित अध्यक्ष बबिता और उपाध्यक्ष राजीव पटियाल को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि दोनों जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में शाहपुर नगर पंचायत विकास की नई इबारत लिखेगी तथा क्षेत्रवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
एसडीएम ने दिलाई पार्षदों को शपथ
इससे पूर्व दिन में शाहपुर नगर पंचायत के नव निर्वाचित पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर ने नव निर्वाचित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इनमें वार्ड नंबर-1 से अभिषेक माथुर, वार्ड नंबर-2 से अनुपम, वार्ड नंबर-3 से बविता, वार्ड नंबर-4 से प्रीति परिहार, वार्ड नंबर-5 से राजीव सिंह, वार्ड नंबर-6 से नितिन कौशल तथा वार्ड नंबर-7 से विजय सिंह शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया