नगर पंचायत बीड़ जल्द ही व्यवस्थित शहर का स्वरूप करेगा हासिल : अनुराग शर्मा
धर्मशाला, 19 अगस्त (हि.स.)। राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने कहा है कि पैराग्लाइडिंग के लिए पहले से ही विख्यात बीड़ बिलिंग घाटी की नगर पंचायत बीड़ जल्द ही व्यवस्थित शहर का स्वरूप हासिल करेगा। यह बात नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने के बाद विभिन्न वार्डों का बुधवार को विभागीय अधिकारियों सहित दौरा करने के पश्चात अनुराग शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत में कही।
उन्होंने कहा कि लोगों की उम्मीदों के अनुरूप बड़े शहरों की तर्ज पर तमाम सुविधाएं नगर पंचायत वासियों को उपलब्ध करवाई जाएंगी। नगर पंचायत के अधिकांश क्षेत्रों में पर्यटन कारोबार स्थापित ही चुका है इसलिए यहां स्वच्छता को अधिमान देते हुए हाईटेक कूड़ा संयंत्र स्थापित किए जाएंगे। शहर के सभी वार्डों में पार्क बनाए जाएंगे। इसी के साथ युवाओं की खेलकूद भावना को विकसित करने के लिए ओपन जिम भी बनाए जाएंगे। बुजुर्गों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अलग से टहलने के लिए कॉरिडोर बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी चौराहों को भी आकर्षक बनाया जाएगा। नगर पंचायत के सभी वार्डों के ग्रामीण क्षेत्रों को रास्तों से जोड़ा जाएगा।नगर पंचायत बीड तमाम शहरी निकाय गतिविधियां अब शहरी तर्ज पर क्रियान्वित की जाएगी इसलिए भव्य कार्यालय बनाया जाएगा ताकि एक छत के नीचे नगर पंचायत के वाशिंदे को सभी कार्य करवा सके। अनुराग शर्मा ने कहा कि हाल मुख्यमंत्री से उन्होंने इस संदर्भ में बातचीत की थी उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है कि नगर पंचायत के विकास के लिए धन की कमी नहीं रखी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया