नड्डी में बनने वाली एशिया की सबसे लंबी जिपलाइन को लेकर बैठक, औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के दिए निर्देश

 


धर्मशाला, 22 अप्रैल (हि.स.)। धर्मशाला के समीप नड्डी में प्रस्तावित एशिया की सबसे लंबी जिपलाइन परियोजना को लेकर बुधवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने की, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान केवल सिंह पठानिया ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि आपसी समन्वय के साथ संयुक्त बैठकें और साइट निरीक्षण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण की जाए, ताकि परियोजना कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने विशेष रूप से वन विभाग से जुड़ी औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए।

पठानिया ने बताया कि नड्डी व्यू प्वाइंट क्षेत्र में लगभग 5.3 किलोमीटर लंबी जिपलाइन का निर्माण प्रस्तावित है, जो एशिया की सबसे लंबी जिपलाइन होगी। इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 7.50 करोड़ रुपये है और इसे करीब तीन साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यह जिपलाइन धौलाधार पर्वत श्रृंखला की मनोरम वादियों के बीच स्थापित की जाएगी, जिससे पर्यटकों को रोमांच के साथ प्राकृतिक सौंदर्य का अद्वितीय अनुभव मिलेगा।

परियोजना को पर्यावरण-अनुकूल (ग्रीन) रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें पेड़ों की कटाई नहीं की जाएगी और पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

बैठक में डल स्थित दुर्वेश्वर मंदिर में होने वाली आरती, उसके सौंदर्यीकरण एवं अन्य संबंधित विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर नगर निगम धर्मशाला के आयुक्त जफर इकबाल, एडीएम कांगड़ा शिल्पी वेक्टा, डीएफओ धर्मशाला अमित शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया