देश की स्वायत्त व स्वतंत्र संस्थाओं को बदनाम कर रहे राहुल गांधी : डॉ राजीव भारद्वाज

 


धर्मशाला, 01 अक्टूबर (हि.स.)। कांगड़ा-चंबा के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और इंडी गठबंधन पर देश की स्वायत्त व स्वतंत्र संस्थाओं को बदनाम करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पंचायत से लेकर लोकसभा चुनावों तक लगातार मिल रही हार के कारण कांग्रेस देश में एक 'लुप्तप्राय प्रजाति' बनती जा रही है। अपनी इसी हताशा और खीझ को मिटाने के लिए राहुल गांधी चुनाव आयोग, सुप्रीम कोर्ट, कैग और भारतीय सेना जैसी संस्थाओं पर सवाल उठाकर पूरे देश में झूठ और भ्रम का माहौल पैदा कर रहे हैं।

सांसद भारद्वाज ने कहा कि राहुल गांधी पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के जरिए स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) को लेकर देश में भ्रांति फैला रहे हैं। चुनाव आयोग में सहमति न होने का उनका शगूफा पूरी तरह निराधार है। 26 तारीख को पूर्ण चुनाव आयोग ने संयुक्त प्रेस वार्ता में स्पष्ट कर दिया है कि एसआईआर से जुड़े सभी निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए हैं। वहीं, फॉर्म 6 को लेकर दर्ज करवाई गई आपत्तियों को भी सुप्रीम कोर्ट प्रमाणित कर चुका है। इसके अलावा, एक मनगढ़ंत रिपोर्ट के आधार पर दावा किया गया कि चुनाव आयोग ने कैबिनेट सेक्रेटरी को चिट्ठी लिखकर सरकार पर सवाल उठाए हैं, जबकि हकीकत में वह एक अधिकारी की प्रशासनिक गतिविधियों से जुड़ा आंतरिक पत्र था, जिसका एसआईआर से कोई लेना-देना नहीं था।

डॉ. भारद्वाज ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राहुल गांधी ने देश की संप्रभुता और सेना के पराक्रम पर भी गंभीर प्रहार किए हैं। 2016 में उरी हमले के बाद हुई सर्जिकल स्ट्राइक का सेना से सबूत मांगा गया। वहीं, 2022 में अरुणाचल प्रदेश के तवांग में जब हमारे वीर जवानों ने चीनी सैनिकों को खदेड़ दिया था, तब राहुल गांधी ने यह बयान देकर सेना का घोर अपमान किया कि सीमा पर भारतीय जवानों की पिटाई हो रही है।

सांसद ने स्पष्ट किया कि नेता प्रतिपक्ष संसद में चर्चा करने के बजाय वहां से भाग जाते हैं और विदेशों में जाकर देश की छवि खराब करते हैं। हालांकि, कांग्रेस और इंडी गठबंधन की इस नकारात्मक मानसिकता का देश की जनता चुनावों में करारा जवाब देती है और न्यायालय भी हर बार उनके झूठ को सिरे से दुत्कार देता है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया