किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से कांगड़ा जिला में अब तक 1241 करोड़ रूपये का ऋण वितरित : राम नाथ ठाकुर

 


नई दिल्ली, 30 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण राज्य मंत्री राम नाथ ठाकुर ने बताया कि 31 दिसम्बर 2025 तक कांगड़ा जिला में एक लाख, चार हजार 212 किसानों द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से खेती और सम्बद्ध गतिविधियों के लिए ऋण प्राप्त किया जा रहा है। किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से अब तक कांगड़ा जिला में 1241 करोड़ रूपये का ऋण वितरित किया जा चुका है। राज्य सभा सांसद इंदु बाला गोस्वामी द्वारा पूछे गए एक सवाल के जबाव में केंद्रीय राज्य मंत्री ने यह जानकारी सदन में दी।

उन्होंने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से कृषि क्षेत्र के लिए तीन लाख और पशु पालन, डेरी और मछली पालन पर दो दो लाख तक के अल्पकालीन ऋण अनुदान सहित ब्याज पर प्रदान किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि भारतीय रिज़र्व बैंक ने किसान क्रेडिट कार्ड धारकों के लिए एक जनवरी 2025 से बिना गारंटी/कोलैटरल-फ्री लोन की ऋण सीमा को 1.6 लाख से बढ़ा कर 2 लाख तक कर दिया है।

उन्होंने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड के माधयम से ऋण ग्रहण करने की कोई ऊपरी सीमा तय नहीं की गई है। किसान क्रेडिट कार्ड के माधयम से ऋण की योग्यता राज्य स्तरीय तकनीकी समिति द्वारा तय की जाती है। उन्होंने बताया कि किसानों को आसानी से ऋण उपलब्ध करवाने के लिए केन्द्र सरकार ने बैंकों को ऋण राशि की न्यूनतम 18 प्रतिशत राशि कृषि और सम्बद्ध गतिविधियों के लिए प्रदान करना अनिवार्य किया है और वर्ष 2016 से इन ऋणों में से 10 प्रतिशत ऋण राशि छोटे और मंझोले किसानों को प्रदान करना अनिवार्य किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया