प्रदेश की लंबित सिंचाई और पेयजल योजनाओं को तुरंत मंजूरी मिले : अनुराग शर्मा
धर्मशाला, 24 नवंबर (हि.स.)। संसद की जल संसाधन संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक में हिमाचल प्रदेश के महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने मांग की कि हिमाचल प्रदेश की लंबित सिंचाई परियोजनाओं तथा पेयजल योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर तुरंत मंजूरी दी जाए।
उन्होंने संसदीय स्थाई समिति से आग्रह किया कि हिमाचल की भौगोलिक परिस्थितियों और जनहित को ध्यान में रखते हुए तमाम लंबित परियोजनाओं की तुरंत स्वीकृति एवं मूल्यांकन केंद्र सरकार के स्तर पर लंबित है, जिनका शीघ्र निस्तारण और स्वीकृति प्रदान की जानी चाहिए।
सांसद ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में रह रही जनता को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने संबंधी योजनाओं पर भी गंभीरता से विचार किए जाने की आवश्यकता है। सांसद ने कहा कि इन तमाम विषयों पर सकारात्मक रुख और सहयोग का आश्वासन उत्साहजनक रहा है, इस वजह से आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश को सिंचाई और पेयजल से संबंधित केंद्रीय वित्त पोषित योजनाओं का भरपूर लाभ मिलने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया