राहुल गांधी से मिले नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा
धर्मशाला, 18 मार्च (हि.स.)। राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने के उपरांत पहली बार अनुराग शर्मा ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से बुधवार को शिष्टाचार भेंट कर उनका मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस मौके पर उन्होंने राहुल गांधी को ऊन से बना पहाड़ी पट्टू भी भेंट किया। राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान अनुराग शर्मा ने उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुझ जैसे एक साधारण कार्यकर्ता को इतना महत्वपूर्ण दायित्व देने और विश्वास व्यक्त करने के लिए वह पूरे कांग्रेस नेतृत्व का आभार प्रकट करते हैं।
अनुराग शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा संविधान की रक्षा, किसानों की आवाज़, बेरोज़गारी, महंगाई, वोट चोरी तथा अन्य जनहित के मुद्दों को निरंतर राष्ट्रहित में मजबूती से उठाया जा रहा है। इसलिए वह भी पूर्ण निष्ठा और दृढ़ संकल्प के साथ अपने नेता के नेतृत्व में दृढ़ता से खड़े हैं।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश में करवाए जा रहे विकास कार्यों, जनकल्याणकारी नीतियों तथा प्रदेश कांग्रेस एवं जिला कांग्रेस कमेटी कांगड़ा द्वारा जमीनी स्तर पर किए जा रहे जनसेवा कार्यों को लेकर विस्तारपूर्वक एवं सकारात्मक चर्चा हुई।
गौर हो कि बीते दिन अनुराग शर्मा ने कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से भी शिष्टाचार भेंट की थी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया