केंद्रीय मंत्री से मिले सांसद अनुराग, कांगड़ा में ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन और पठानकोट-मंडी फोरलेन का मुद्दा उठाया

 


धर्मशाला, 13 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने वीरवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर हिमाचल प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण सड़क एवं परिवहन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान उन्होंने कांगड़ा जिले में ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) की व्यवस्था को लेकर आ रही दिक्कतों तथा पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे के परौर से पधर तक के हिस्से को फोरलेन करने की मांग रखी।

सांसद अनुराग शर्मा ने केंद्रीय मंत्री को सौंपे पत्र में कहा कि कांगड़ा हिमाचल प्रदेश का सबसे बड़ा जिला है और यहां बड़ी संख्या में व्यावसायिक वाहन पंजीकृत हैं। जिले में सीमित ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन होने के कारण वाहन मालिकों को फिटनेस जांच के लिए अनावश्यक परेशानी, समय की बर्बादी और अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है। यहां कई इलाके काफी दुर्गम हैं। उन्होंने परिवहन प्रणाली की पहुंच निरस्त किए जाने के निर्णय पर भी पुनर्विचार करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जैसे पहले व्यवस्था थी वैसे ही होनी चाहिए ताकि वाहन चालकों को अधिक दूर न जाना पड़े।

सांसद ने बताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए हैं, ताकि ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन से संबंधित प्रक्रिया में वाहन मालिकों और परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और इसके लिए आसान सा रास्ता सुझाया जाए।

मुलाकात के दौरान सांसद अनुराग शर्मा ने पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे के परौर से पधर तक के हिस्से को फोरलेन करने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि यह मार्ग कांगड़ा व मंडी सहित पूरे क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इस हिस्से के फोरलेन होने से यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ-साथ क्षेत्र के पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

अनुराग शर्मा ने बताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने आश्वासन दिया है कि परौर-पधर फोरलेन के कार्य को भी आगे बढ़ाया जाएगा। सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है और प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण सड़क प्रोजेक्टों को प्राथमिकता के आधार पर आगे ले जाने के प्रयास जारी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया