सांसद अनुराग शर्मा ने किया नगर पंचायत बीड़ कार्यालय का शुभारंभ

 


धर्मशाला, 18 जुलाई (हि.स.)। ग्राम पंचायत से नगर पंचायत बनने के उपरांत नगर पंचायत बीड़ के कार्यालय भवन का शुभारंभ शनिवार को राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा द्वारा किया गया। इस दौरान विधायक किशोरी लाल द्वारा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि नगर पंचायत बीड़ के गठन से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी तथा लोगों को शहरी स्तर की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र से जुड़े सभी महत्वपूर्ण मुद्दों एवं विकास संबंधी आवश्यकताओं को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा ताकि विकास कार्यों के लिए अधिक से अधिक सहयोग प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत बनने से विकास कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी तथा स्थानीय लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से मिल सकेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने नगर पंचायत बीड़ के लोगों को बड़ी राहत देते हुए आगामी तीन वर्षों तक संपत्ति कर माफ किया है। इसके अतिरिक्त चालू वित्त वर्ष के बजट में नगर पंचायत बीड़ के विकास कार्यों के लिए 60 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।

उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में सड़क, बिजली, पेयजल, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाई जाएंगी। पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्षेत्र में एक भव्य नेचर पार्क भी विकसित किया जाएगा जिसके लिए उपयुक्त स्थान का चयन करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने हाल ही में आगजनी से प्रभावित परिवारों को 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया