केंद्रीय योजनाओं को लेकर आभार जताने की बजाय प्रधानमंत्री की आलोचना करती है सुक्खू सरकार : अनुराग ठाकुर
धर्मशाला, 16 सितंबर (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि उपचुनाव के दौरान लोगों को उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री की पत्नी कमलेश ठाकुर के विधायक बनने के बाद क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी, लेकिन कई मामलों में लोगों की अपेक्षाएं पूरी नहीं हुईं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि स्थानीय लोगों ने नई सड़कों के निर्माण और खराब सड़कों के रखरखाव को लेकर प्रस्ताव दिए हैं, लेकिन कई कार्य अब तक आगे नहीं बढ़ पाए हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत देहरा क्षेत्र में चल रहे सड़क कार्यों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि इनके उद्घाटन के समय सांसद को आमंत्रित नहीं किया जाता और उद्घाटन पट्टिका पर सांसद का नाम भी दर्ज नहीं किया जाता। अनुराग ठाकुर ने यह बात बुधवार को देहरा विधानसभा क्षेत्र के हरिपुर में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में यह बात कही।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को राजनीतिक मतभेदों से अलग रखकर केंद्र और प्रदेश सरकार को मिलकर काम करना चाहिए। अनुराग ठाकुर ने केंद्र सरकार की ओर से हिमाचल को दिए जा रहे सहयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रदेश के लिए कई योजनाएं दी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार केंद्र के सहयोग के लिए आभार जताने के बजाय प्रधानमंत्री की आलोचना करती है।
दीपावली से पहले सीयू के लोकार्पण की उम्मीद
अनुराग ठाकुर ने बाद में मीडिया से बातचीत में हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के देहरा स्थित स्थायी परिसर को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि परिसर का 90 फीसद से अधिक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और दीपावली से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों इसके लोकार्पण की उम्मीद है। निर्माण कार्य रुकने के सवाल पर उन्होंने कहा कि फंड से जुड़े विषयों को लेकर उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति और केंद्रीय मंत्री से बातचीत की है। जो भी कारण निर्माण कार्य में बाधा बने हैं, उन्हें दूर करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शेष निर्माण कार्य जल्द पूरा करवाया जाएगा।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय का स्थायी परिसर देहरा और कांगड़ा के साथ पूरे हिमाचल प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण होगा। वर्तमान में विश्वविद्यालय देहरा, शाहपुर और धर्मशाला के अस्थायी परिसरों से संचालित हो रहा है। स्थायी परिसर तैयार होने के बाद विश्वविद्यालय की गतिविधियों को एक बड़े परिसर में एकीकृत करने की दिशा में कदम आगे बढ़ेगा।
कार्यकर्ताओं से की संगठनात्मक चर्चा
इससे पूर्व हरिपुर पहुंचने पर अनुराग ठाकुर ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा की। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान भाजपा नेता डा. सुकृत सागर, नितिन ठाकुर सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया