वार्षिक उत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का सशक्त मंच : अनुराग शर्मा
धर्मशाला, 17 नवंबर (हि.स.)।राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान का वार्षिक उत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं होता, बल्कि यह पूरे वर्ष विद्यार्थियों की शैक्षणिक, खेलकूद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में अर्जित उपलब्धियों को पहचानने और प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण अवसर होता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए सबसे पहले अपना लक्ष्य निर्धारित करना आवश्यक है। लक्ष्य स्पष्ट होने के बाद उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन, धैर्य और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित अभ्यास, समय का सदुपयोग और असफलताओं से सीखने की क्षमता ही व्यक्ति को अपने लक्ष्य तक पहुंचाती है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार लाने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण में हिमाचल प्रदेश का राष्ट्रीय स्तर पर 21वें स्थान से पांचवें स्थान पर पहुंचना शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है।
उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों की रुचियों और क्षमताओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें। बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करने के साथ उन्हें अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से जोड़ना भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन का सीमित एवं सकारात्मक उपयोग करने तथा खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी।
इस अवसर पर अनुराग शर्मा ने विद्यालय के विकास एवं विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए अपनी ओर से 31 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया