विधायक पठानिया ने सुधेड़ में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का किया दौरा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

 


धर्मशाला, 31 जुलाई (हि.स.)।

शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के सुधेड़ में भारी वर्षा एवं भूस्खलन से प्रभावित संपर्क मार्गों और डेंजर जोन में आए मकानों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

विधायक केवल सिंह पठानिया ने शिमला से देर रात धर्मशाला पहुंचने के बावजूद सुबह सबसे पहले प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर हालात का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को संपर्क मार्गों को शीघ्र ठीक करने,उनसे जुड़े कार्यों में तेजी लाने तथा संभावित खतरे वाले क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने धर्मशाला स्थित विद्युत विभाग के विश्राम गृह में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में वर्षा से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया गया तथा राहत एवं पुनर्वास कार्यों को और गति देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया