लापता किशोर के मामले में जिला बाल कल्याण समिति ने पुलिस से 24 घंटे में तलब की स्टेटस रिपोर्ट
धर्मशाला, 18 नवंबर (हि.स.)। जिला कांगड़ा के ज्वाली क्षेत्र के अंतर्गत गांव तखनियाड़ निवासी 17 वर्षीय किशोर अंकित राणा, पुत्र श्याम सिंह, के लापता होने संबंधी सूचना का जिला बाल कल्याण समिति कांगड़ा ने गंभीरता से स्वतः संज्ञान लिया है।
इस संबंध में समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष विक्रमजीत शर्मा ने की। बैठक में समिति के सदस्य विजय कुमार, संगीता गौतम, विकास एवं नरेशठा कुमारी उपस्थित रहे। बैठक में मामले पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई तथा किशोर की सुरक्षा, संरक्षण एवं सकुशल तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया।
समिति के संज्ञान में आया कि उपलब्ध समाचार के अनुसार 17 वर्षीय अंकित राणा 17 नवंबर 2026 को प्रातः लगभग 10 बजे घर से स्कूल जाने के लिए निकला था, लेकिन वापस घर नहीं पहुंचा। परिजनों द्वारा उसकी तलाश की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए समिति ने पुलिस अधीक्षक, संबंधित पुलिस जिला एवं थाना प्रभारी, पुलिस थाना जवाली से किशोर की तलाश के लिए अब तक की गई कार्रवाई, प्राप्त सुरागों तथा वर्तमान स्थिति की विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट 24 घंटे के भीतर समिति के समक्ष प्रस्तुत करने का निर्णय लिया है।
इसके अतिरिक्त जिला बाल संरक्षण अधिकारी, कांगड़ा को निर्देशित किया गया है कि वह किशोर के परिजनों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखें तथा संबंधित पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक बाल संरक्षण सहायता उपलब्ध करवाएं। परिवार को इस कठिन परिस्थिति में आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाए।
समिति ने संबंधित पुलिस अधिकारियों से आग्रह किया है कि किशोर की तलाश के लिए सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया