नगर निगम धर्मशाला और पालमपुर में शपथ ग्रहण 29 जून को, चुने जाएंगे मेयर और डिप्टी मेयर
धर्मशाला, 25 जून (हि.स.)। नगर निगम धर्मशाला और पालमपुर के नवनिर्वाचित पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह 29 जून को होगा। दोनों नगर निगम में प्रातः 11 बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह के बाद मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव भी किया जाएगा। गौरतलब है कि इस बार धर्मशाला में भाजपा ने नगर निगम पर कब्जा किया है जबकि पालमपुर में कांग्रेस ने बाजी मारी है।
उधर उपायुक्त कांगड़ा हेम राज बैरवा ने बताया कि प्रदेश सरकार के शहरी विकास विभाग द्वारा जारी अधिसूचनाओं के अनुसार नगर निगम धर्मशाला और पालमपुर के नवनिर्वाचित पार्षदों को भारत के संविधान के प्रति निष्ठा एवं श्रद्धा की शपथ दिलाई जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह के उपरांत उसी दिन दोनों नगर निगम के महापौर एवं उपमहापौर पद के लिए चुनाव प्रक्रिया भी संपन्न करवाई जाएगी। पालमपुर नगर निगम का शपथ ग्रहण समारोह नगर निगम कार्यालय जबकि धर्मशाला नगर निगम का शपथ ग्रहण समारोह मिनी सचिवालय, धर्मशाला स्थित कैबिनेट हॉल में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने दी।
उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार के शहरी विकास विभाग द्वारा जारी अधिसूचनाओं के अनुसार नगर निगम धर्मशाला के नव निर्वाचित पार्षदों को भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई जाएगी। उपायुक्त ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह के उपरांत उसी दिन नगर निगम धर्मशाला के महापौर एवं उपमहापौर के निर्वाचन की प्रक्रिया भी संपन्न करवाई जाएगी।
गौरतलब है कि नगर निगम धर्मशाला के चुनाव 17 मई को हुए थे, जबकि परिणाम 31 मई को घोषित किए गए थे।
धर्मशाला में भाजपा और पालमपुर में कांग्रेस को मिली है जीत
नगर निगम पालमपुर में 15 वार्डों में 11 पर कांग्रेस और 4 पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। वहीं धर्ममशाला नगर निगम में 17 वार्डों में 11 पर भाजपा जबकि 5 पर कांग्रेस और 1 सीट पर निर्दलीय ने जीत दर्ज की है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया