नगर निकाय चुनाव के लिए 17 मई को सार्वजनिक अवकाश घोषित

 

धर्मशाला, 15 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान दिवस 17 मई (रविवार) को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। यह अवकाश संबंधित नगर निगम क्षेत्रों में स्थित सभी सरकारी कार्यालयों, बोर्डों, निगमों, शिक्षण संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों तथा दुकानों एवं वाणिज्यिक संस्थानों पर लागू रहेगा।

अतिरिक्त उपायुक्त कांगड़ा विनय कुमार ने यह बताया कि जिला कांगड़ा के अंतर्गत नगर निगम धर्मशाला, नगर निगम पालमपुर, नगर परिषद कांगड़ा, नगर परिषद नूरपुर, नगर परिषद नगरोटा बगवां, नगर परिषद देहरा, नगर परिषद ज्वालामुखी तथा नगर पंचायत शाहपुर में चुनाव प्रस्तावित हैं। अधिसूचना के अनुसार इन क्षेत्रों में मतदान के दिन सार्वजनिक अवकाश रहेगा।

उन्होंने बताया कि ऐसे कर्मचारी जो राज्य के अन्य स्थानों पर कार्यरत हैं लेकिन संबंधित नगर निकाय क्षेत्रों में मतदाता हैं, उन्हें मतदान करने हेतु विशेष आकस्मिक अवकाश प्रदान किया जा सकेगा। इसके लिए संबंधित पीठासीन अधिकारी द्वारा मतदान करने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक होगा।

उन्होंने बताया कि सरकार ने औद्योगिक एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को भी निर्देश दिए हैं कि वे कर्मचारियों को मतदान दिवस पर सवेतन अवकाश सुनिश्चित करें ताकि सभी पात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया