25 लाख से बनेगा शहीद पवन जरयाल के नाम पर पार्क : केवल सिंह पठानिया

 


धर्मशाला, 23 अक्टूबर (हि.स.)। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि पिछले पौने चार वर्षों के दौरान नगर पंचायत शाहपुर के सात वार्डों में विभिन्न विकास कार्यों पर लगभग 5 करोड़ की धनराशि खर्च की गई है। वह झुलाड़ में आयोजित एक कार्यक्रम में जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि झुलाड़ वार्ड से शहीद हुए पवन जरयाल की शहादत को हमेशा याद रखा जाएगा। उनके सम्मान में यहां 25 लाख की लागत से शहीद पवन जरयाल पार्क का निर्माण करवाया जाएगा। यह पार्क आने वाली पीढ़ियों को शहीद के बलिदान और देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा। पठानिया ने बताया कि नगर पंचायत शाहपुर के लिए 1.40 करोड़ की लागत से बनाई जा रही वैकल्पिक पेयजल योजना का कार्य प्रगति पर है और इसे शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र से बेसहारा पशुओं को गौसदन भेजने का कार्य सराहनीय है। इसमें सहयोग करने वाले नागरिक बधाई के पात्र हैं। ऐसे सामाजिक कार्य जनसहभागिता से ही सफल हो सकते हैं। उन्होंने नगर पंचायत को कुर्सियां और ध्वनि प्रसारण यंत्र खरीदकर उपलब्ध रखने का सुझाव दिया, ताकि स्थानीय नागरिक अपने विभिन्न कार्यक्रमों के लिए इनका उपयोग कर सकें।

65 लाख के विकास कार्यों की सौगात

विधायक ने नगर पंचायत शाहपुर में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया, वार्ड नंबर एक में 7.50 लाख की लागत से हाई मास्ट लाइट, वार्ड नंबर तीन में 25 लाख की लागत से शहीद पवन जरयाल पार्क, वार्ड नंबर पांच में बंदल खड्ड पर 20 लाख की लागत से पुल निर्माण तथा वार्ड नंबर पांच में 7.50 लाख रुपए की लागत से हाई मास्ट लाइट की स्थापना का शिलान्यास किया। उन्होंने वार्ड नंबर तीन और पांच में 2.50-2.50 लाख की लागत से स्थापित विद्युत चालित बोरवेल का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया