सनातन और हिंदुत्व विरोधी बयान देते हुए गौरवान्वित महसूस करते हैं मुख्यमंत्री : जय राम ठाकुर

 


धर्मशाला, 08 जुलाई (हि.स.)। दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण अभियान में शामिल होने धर्मशाला पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए सुक्खू सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि जीवन भर भगवान श्रीराम का विरोध करने वाले अब राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए जगह-जगह राम मंदिर जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हिमाचल के मुख्यमंत्री सनातन और हिंदुत्व विरोधी बयान देते हुए गौरवान्वित महसूस करते हैं। वह राम मंदिर के बारे में बात करने की बजाय कांगड़ा के ही एक नेता द्वारा सूटकेस इकट्ठा करके दिल्ली पहुंचाने और खुद रखने के मुद्दे पर बात करें। प्रदेश के लोगों को उन्हें सूटकेस की हकीकत बतानी चाहिए। यह आरोप भारतीय जनता पार्टी का नहीं बल्कि उनके ही पार्टी के एक बड़े पदाधिकारी का है। उस आरोप का जवाब देने की बजाय इधर-उधर की बात करके मुख्यमंत्री लोगों को गुमराह करने की बजाय सच्चाई सामने रखें। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार द्वारा पूर्व सरकार के समय में कांगड़ा के लिए चलाए गए विकासात्मक कार्यों को रोकने और उनमें अड़ंगा लगाने का काम किया है।

जयराम ठाकुर ने बिलासपुर में एक युवक को दिनदहाड़े कुल्हाड़ी से काटने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था सरकार की प्राथमिकता नहीं है और उसी का परिणाम प्रदेश में आए दिन दिनदहाड़े लोगों को मार डालने, काट डालने की घटनाओं के रूप में सामने आ रहा है। कहीं किसी को दिनदहाड़े गोली मार दी जाती है तो किसी को दराट और कुल्हाड़ी से काट दिया जाता है। सरकार अपराधियों पर नकेल कसने की बजाय सरकार की नाकामियों को उजागर करने वाली मीडिया पर नकेल कस रही है। कानून-व्यवस्था का जिम्मा संभालने वाली पुलिस अपराधियों के बजाय विपक्ष के नेताओं पर ध्यान दे रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण अभियान के अंतर्गत धर्मशाला के डाढ़ चामुंडा में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। अपने प्रवास की शुरुआत उन्होंने चामुण्डा माता मंदिर में पूजा अर्चना के साथ की तत्पश्चात धर्मशाला नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर उप महापौर पार्षद तथा पंचायत समिति के अध्यक्ष उपाध्यक्ष सहित पंचायत समिति के सदस्यों से भेंट कर सभी को नव दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया