प्रदेश को कर और कर्ज के बोझ तले दबा रही सुक्खू सरकार : जयराम ठाकुर
धर्मशाला, 29 नवंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि झूठी गारंटियों के नाम पर सत्ता में आई व्यवस्था परिवर्तन वाली सुक्खू की सरकार कर और कर्ज की सरकार बन गई है। अपने 3 साल के कार्यकाल में मुख्यमंत्री ने सिर्फ बेतहाशा कर्ज लिए हैं और प्रदेशवासियों पर लगातार कर लादे हैं। धर्मशाला से शनिवार को जारी एक बयान में जय राम ठाकुर ने कहा कि पूर्व सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं को बंद करना, संस्थानों पर ताले लगाने के अलावा यह सरकार 3 साल में कुछ कर नहीं पाई है। यह सरकार की एक ही उपलब्धि है कि हर महीने 1000 करोड़ से ज्यादा का कर्ज ले रही है। 35 महीने के कार्यकाल में सुख की सरकार के कर्ज का आंकड़ा 40 हजार करोड़ के पार पहुंच रहा है। इस दौरान सरकार द्वारा सुविधाओं के नाम पर लगने वाले शुल्क में कई कई गुना के वृद्धि हुई है और नए-नए तरह के टैक्स लादे गए हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पूरा प्रशासनिक अमला 3 साल के जश्न की तैयारी में लगा है। मुख्यमंत्री से लेकर हर विभाग के आखिरी पंक्ति का खड़ा कर्मचारी इस जश्न को सफल बनाने में जुटा है। सबसे हैरानी की बात यह है कि इस जश्न पर होने वाले खर्च का वहन राजस्व विभाग कर रहा है। यह बातें हम नहीं सरकार के आधिकारिक दस्तावेज बता रहे हैं। लेकिन दुख इस बात का है कि जो विभाग जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को अभी तक मुआवजा नहीं दे पाया है। जिस विभाग ने अपना घर खो देने वाले लोगों के नुकसान की शत प्रतिशत रिपोर्ट नहीं दर्ज की है। जो विभाग अपनी जमीन खोने वाले लोगों का मूल्यांकन नहीं कर पाया है। हिमाचल की पूरी सरकार जश्न की तैयारियों में लगी है लेकिन कोई भी नेता जश्न को स्वीकार करने की स्थिति में नहीं है। इसी से सरकार की नीयत और असलियत का पता चलता है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भारत का एक प्रतिष्ठित, अनुशासित और राष्ट्रसेवा को समर्पितदुनिया का सबसे बड़ा संगठन है, जिसने समाज के विविध क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। लाखों स्वयंसेवक शिक्षा, स्वास्थ्य, आपदा राहत, समाजिक समरसता, स्वावलंबन और सांस्कृतिक जागरण जैसे क्षेत्रों में निरंतर निस्वार्थ सेवा करते आ रहे हैं। आरएसएस ने अपनी संगठनात्मक शक्ति, वैचारिक स्पष्टता और सेवा-भाव से ऐसे अनेक बड़े व्यक्तित्व तैयार किए हैं, जिन्होंने देश के विभिन्न स्तरों पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में सम्मानित भारत के प्रधानमंत्री भी इसी संगठन से जुड़े हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया