लम्पी रोग की रोकथाम के लिए कांगड़ा जिला में 15 हजार पशुओं का टीकाकरण पूरा
धर्मशाला, 31 अगस्त (हि.स.)। कांगड़ा जिला में पशुपालन विभाग द्वारा पशुओं में फैलने वाले लम्पी रोग की रोकथाम के लिए वैक्सीनेशन का कार्य कैंपेन मोड में शुरू कर दिया गया है। विभाग के पास कुल 1 लाख 35 हजार वैक्सीन डोज पहुंच चुकी हैं और अब तक लगभग 15 हजार पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। उप निदेशक पशु पालन डाॅक्टर सीमा गुलरिया ने यह जानकारी देते हुए बताया कि लम्पी रोग संक्रमित पशुओं में तेज बुखार, त्वचा पर कठोर गांठें, आंख-नाक से स्राव, सुस्ती तथा दूध उत्पादन में गिरावट जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। विभाग की टीमें संक्रमित पशुओं की लगातार निगरानी कर रही हैं।
सीमा गुलरिया ने कहा कि पंजाब और हरियाणा से पशुओं की खरीद-फरोख्त के चलते हिमाचल प्रदेश में भी लम्पी रोग का संक्रमण बढ़ा है। उन्होंने पशुपालकों से आग्रह किया कि संक्रमित पशुओं को स्वस्थ पशुओं से अलग रखें तथा गोशाला में साफ-सफाई का विशेष ध्यान दें। साथ ही मक्खी-मच्छरों की रोकथाम के लिए भी उचित कदम उठाएं।
उन्होंने पशुपालकों को सलाह दी कि संक्रमण के दौरान पशुओं की खरीद-फरोख्त से बचें, अपने पशुओं को चरागाह में न छोड़ें तथा किसी भी पशु में लम्पी रोग के असामान्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत पशुपालन विभाग से संपर्क करें।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया