शाहपुर कॉलेज में रोजगारपरक शिक्षा के तहत पांच नए पाठ्यक्रम शुरू : केवल पठानिया
धर्मशाला, 05 सितंबर (हि.स.)। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने राजकीय महाविद्यालय शाहपुर के 20वें स्थापना दिवस तथा बीबीए, बीसीए, बीवॉक, पीजीडीसीए और फिजिकल एजुकेशन के नए पाठ्यक्रमों के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में देशभर में 21वें स्थान से पांचवें स्थान पर पहुंचा है। इसमें शिक्षकों का भी महत्वपूर्ण योगदान है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। मुख्यमंत्री सीबीएसई पाठ्यक्रम लेकर आए हैं, जिससे सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की एनरोलमेंट में वृद्धि हुई है।
पठानिया ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय शाहपुर में पांच नए पाठ्यक्रम शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को घर के नजदीक ही व्यावसायिक एवं रोजगारपरक शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के साथ रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने विश्वविद्यालयों में प्रोफेसर एवं सहायक प्रोफेसर की नियुक्ति को लेकर ऐतिहासिक निर्णय लिया है। साथ ही आठवीं, नौवीं और दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों को ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाने के लिए देश की एक प्रतिष्ठित संस्था के साथ बातचीत चल रही है।
सिहवां में बनेगा नया पीएचसी भवन
उपमुख्य सचेतक ने कहा कि सिहवां में 2.52 करोड़ रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का नया भवन बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही इसका नींव पत्थर रखा जाएगा।
इस अवसर पर उन्होंने महान शिक्षाविद एवं भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती एवं शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों के योगदान की सराहना की।
शिक्षक दिवस के अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शाहपुर क्षेत्र के शिक्षकों को सम्मानित किया। इससे पूर्व उन्होंने महाविद्यालय परिसर में हैंडपंप का लोकार्पण किया तथा बेहड़े का पौधा रोपित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विश्वजीत ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए नए पाठ्यक्रम शुरू करने और हैंडपंप उपलब्ध करवाने के लिए उपमुख्य सचेतक का आभार व्यक्त किया तथा महाविद्यालय की 20 वर्षों की उपलब्धियों एवं विकास यात्रा की जानकारी दी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया