कारगिल के अमर शहीदों का बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत : विवेक चौहान
धर्मशाला, 26 जुलाई (हि.स.)। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को उपायुक्त कार्यालय परिसर में सहायक आयुक्त (उपायुक्त) विवेक चैहान के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा तथा देश की सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने की शपथ ली। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके अदम्य साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान को स्मरण किया।
इस अवसर पर विवेक चैहान ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है, यह दिवस कारगिल के अमर शहीदों का बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 में भारतीय सैनिकों ने अत्यंत विषम परिस्थितियों में अद्वितीय शौर्य का परिचय देते हुए दुश्मनों को परास्त कर देश की सीमाओं की रक्षा की थी। यह विजय पूरे राष्ट्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों का ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि जिला कांगड़ा का भी देश की सशस्त्र सेनाओं में योगदान अत्यंत गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक रहा है। कांगड़ा की वीर भूमि से हजारों युवा भारतीय सेनाए नौसेना, वायुसेना तथा अर्द्धसैनिक बलों में सेवाएं देकर देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांगड़ा की वीर परंपरा आने वाली पीढ़ियों को भी राष्ट्रहित में समर्पित होकर कार्य करने के लिए सदैव प्रेरित करती रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया