सुक्खू सरकार ने कांगड़ा में रोके विकास के सारे काम : जय राम ठाकुर

 


धर्मशाला, 22 सितंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अपने कांगड़ा दौरे के दूसरे दिन मंगलवार काे बैजनाथ में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस की सुक्खू सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला सुक्खू सरकार में पूरी तरह बदहाल है। नए काम तो छोड़िए, पूर्व सरकार के समय के जो काम थे, उन्हें भी ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। उनका बजट रोक दिया गया या डायवर्ट कर दिया गया। जो सड़कें टूटी हुई थीं, वे आज भी टूटी हुई हैं। जो काम जहां था, वहीं ठहरा हुआ है। कांगड़ा के लिए पूर्व सरकार में जो भी योजनाएं भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई थीं, वे बंद हैं।

जय राम ठाकुर ने कहा क‍ि पूर्व सरकार के समय में बैजनाथ में स्कूल, कॉलेज, आईटीआई, जिसकी भी मांग की गई, सब कुछ मिला। लेकिन तालाबंदी में माहिर मुख्यमंत्री ने सत्ता में आते ही ज्यादातर संस्थानों को डीनोटिफाई कर दिया। आईटीआई सकड़ी का भवन बनकर तैयार है, लेकिन ताला अभी तक लगा है। छोटा भंगाल में मिनी सचिवालय बनकर तैयार है, लेकिन वहां पर भी ताला लटका हुआ है। बस अड्डे का काम रोका गया है। आयुर्वेदिक कॉलेज पपरोला बंद होने के कगार पर है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश भर में जहां देखो, वहां व्यवस्था परिवर्तन वाली सुक्खू सरकार की तालाबंदी नजर आती है। इसका कारण है कि यह सरकार राजनीतिक प्रतिशोध की भावना और तालाबंदी की नीयत के साथ ही आगे बढ़ रही है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पंचायतीराज चुनावों में भाजपा को मिली यह जीत प्रदेशवासियों के देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के प्रति विश्वास की जीत है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला में केंद्रीय विश्वविद्यालय के निर्माण के लिए पूर्व सरकार द्वारा सारी औपचारिकताएं पूरी की गई थीं। विश्वविद्यालय परिसर के निर्माण का रास्ता साफ हुआ, बस प्रदेश सरकार को 30 करोड़ रुपए जमा करने हैं, लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू वह पैसे नहीं जमा कर रहे हैं। दूसरी तरफ अपने लिए 50 करोड़ से हाई-फाई कार्यालय बनवा रहे हैं। जय राम ने कहा कि काम करने के लिए कार्यालय नहीं, सही नीयत और सकारात्मक दृष्टिकोण चाहिए। दुर्भाग्य से वह मुख्यमंत्री के अंदर नहीं है।

इस दौरान कांगड़ा के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री तथा सुलह के विधायक विपिन सिंह परमार, पूर्व मंत्री एवं विधायक सुधीर शर्मा, विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं पार्टी प्रत्याशी रहे मुल्क राज प्रेमी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया