धर्मशाला में नगर निगम चुनाव और आईपीएल मैच की गहमागहमी

 




धर्मशाला, 17 मई (हि.स.)। धर्मशाला शहर रविवार को दो प्रमुख आयोजनों का गवाह बना है। धर्मशाला में एक तरफ नगर निगम चुनाव के लिए मतदान हुआ। वही दूसरी तरफ आईपीएल के क्रेज लोगों के सिर चढ़ कर बोल रहा है। नगर निगम चुनाव की बात करें तो मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। वहीं दूसरी ओर पंजाब और आरसीबी के बीच खेले जाने वाले दिन के मुकाबले के लिए भी शहर की सड़कें वाहनों से भरी पड़ी हैं। देश-विदेश से आए क्रिकेट प्रेमियों और अन्य सैलानियों के कारण शहर में पर्यटकों का भारी जमावड़ा रहा। होटल, रेस्तरां और बाजारों में अच्छी चहल-पहल दर्ज की गई।

इन आयोजनों के बीच, हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) स्टेडियम में आईपीएल 2026 का एक महत्वपूर्ण मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स के बीच होगा। प्लेऑफ के दृष्टिकोण से यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए निर्णायक साबित हो सकता है। रजत पाटीदार की जगह आज जितेश पटेल की कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु मैदान में उतरी है। बेंगलुरु की टीम अच्छी फॉर्म में है और इस सीजन में प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बनने का लक्ष्य रखेगी।

पंजाब किंग्स के लिए स्थिति चुनौतीपूर्ण

दूसरी ओर, श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स की स्थिति चुनौतीपूर्ण है। टीम अपने पिछले लगातार पांच मुकाबले हार चुकी है और प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए उसे आज जीतना अनिवार्य होगा। मैदान और पिच के समीकरणों की बात करें तो आईपीएल 2026 में पहली बार धर्मशाला के इस खूबसूरत मैदान पर दोपहर का मैच खेला जा रहा है, जो टॉस के लिहाज से बेहद दिलचस्प होने वाला है। एचपीसीए स्टेडियम में इससे पहले खेले गए दोपहर के सभी 10 मैचों में चेज करने वाली टीम ने ही बाजी मारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया