खनियारा में लोक परंपरा, बाल उत्सव, भेड़े का मेला आयोजित
धर्मशाला, 18 सितंबर (हि.स.)। जय इन्द्रू नाग मंदिर सेवा समिति खनियारा की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सायर पर्व पर लोक परंपरा व बाल उत्सव भेड़े के मेले का आयोजन धूमधाम से किया गया। इस मौके पर विभिन्न पारंपरिक खेलों का आयोजन किया गया। जिसमें कबड्डी प्रतियोगिता में कांगड़ा की टीम विजेता व धर्मशाला की टीम उपविजेता रही। सुंदरटापू प्रतियोगिता में डिंपल प्रथम, शगुन उपविजेता रही। पांच गिट्टी प्रतियोगिता में शगुन प्रथम व शिखा दूसरे स्थान पर रही। पिट्ठू प्रतियोगिता में टीम बी आशुतोष प्रथम व टीम ए रुद्र उवविजेता रही। लोकयन में स्वास्तिक प्रथम,रिमश द्वितीय व कार्तिक तीसरे स्जन पर रहे। लोक नृत्य में प्रज्ञा प्रथम, सुजल व तुषार दूसरे दीक्षा व शिवांगी तीसरे स्थान पर रही।
विजेता व उपविजेता टीमों को युवा नेता व समाजसेवी विपिन सिंह नेहरिया ने पुरस्कार दिए और युवाओं के उज्जवल भविष्य की कामना के साथ-साथ खुशी जताई कि युवा पारंपरिक खेलों में समय व्यतीत करने लगे हैं और मैदान से जुड़ रहे हैं। उन्होंने बच्चों को नशे से दूर रहने का आवाहन किया और मेला कमेटी को सफल आयोजन की बधाई दी। इस मौके पर जय इन्द्रू नाग मंदिर सेवा समिति की ओर से आयोजन में बेहतरीन सहयोग देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम का आगाज इम्तियाज नियाजी और उनकी टीम ने शहनाई वादन के साथ किया। इम्तियाज नियाजी स्वर्गीय मोहम्मद रफी के पोते हैं और अपने दादा की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। इस मौके पर समिति की ओर से लोक गायक सुरेंद्र कुमार, लोक गायक विजय कुमार भारद्वाज, सोनू कपूर सहित राजेश गोरा व लेखराज अन्य कलाकारों ने प्रस्तुतियां दी।
मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया की संस्था वर्ष 2013 से लगातार मंदिर विकास कार्य सहित भेड़े के मेले का आयोजन कर रही है। जिसमें भगवान श्री इंद्र नाग देवता का सभी को भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है। उन्होंने बताया कि साल का बड़ा खेल पत्र भेड़े के मेले के दिन सैर पर पटोला मैदान में आयोजित हुआ। जिसमें देवता के गुर ने खेलपात्र में खुशी जताई कि इन्द्रू नाग देवता इस मेले में खुशी-खुशी आए हैं और राधा अष्टमी स्नान के बाद मंगलवार के दिन मणिमहेश से वापस लौटकर ख़्वाड़ा नाग पहुंचेंगे। यहां से अपने मूल मंदिर तक जाएंगे। इस मौके पर नगर निगम वार्ड 15 के पार्षद प्रवीण कुमार सहित मंदिर कमेटी के महासचिव स्वास्तिक मस्ताना सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया