अवैध खनन के मामले में एक ट्रक, ट्रैक्टर व एक एल एंड टी मशीन जब्त

 


धर्मशाला, 16 मार्च (हि.स.)। अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर की विभिन्न पुलिस टीमों द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग व गश्त के दौरान कार्रवाई की गई। इसी क्रम में पुलिस थाना डमटाल के अंतर्गत वारिखड्ड क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक ट्रक नंबर पीबी-35-यू-4289 को अवैध खनन की सामग्री में संलिप्त पाया गया जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।

इसके अतिरिक्त पुलिस पोस्ट ढांगूपीर (थाना डमटाल) की पुलिस टीम द्वारा गश्त के दौरान एक ट्रैक्टर को अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने पर माइनिंग एक्ट के तहत जब्त किया गया है। उक्त मामले में चालान तैयार कर माननीय न्यायालय इंदौरा में न्यायिक कार्रवाई हेतु भेजा जाएगा।

वहीं पुलिस चौकी कोटला (थाना जवाली) की पुलिस टीम द्वारा कोटला खड्ड क्षेत्र में अवैध खनन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक एल एंड टी मशीन को भी इम्पाउंड किया गया है।

एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि अवैध खनन के विरुद्ध नूरपुर पुलिस का अभियान लगातार जारी है तथा इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया