नूरपुर में अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 19 भारी मल्टी-एक्सल ट्रक जब्त
धर्मशाला, 28 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा अवैध खनन के विरुद्ध अपनाई गई 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत सोमवार बीती देर रात पुलिस जिला नूरपुर के कंडवाल, इंदौरा और मण्ड क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक नूरपुर और पुलिस थाना इंदौरा व नूरपुर की टीमों ने मौके पर उपस्थित रहकर दबिश दी और माइनिंग नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की।
अभियान के दौरान पुलिस द्वारा कुल 20 वाहनों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की गई।
पहले मामले में थाना इंदौरा के तहत पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में की गई छापेमारी के दौरान इंदौरा और सीमावर्ती क्षेत्र में 17 भारी मल्टी-एक्सल ट्रकों को अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर जब्त किया गया। साथ ही, 1 ट्रैक्टर का नियमों के उल्लंघन हेतु मौके पर चालान किया गया।
वहीं थाना नूरपुर के तहत पुलिस की टीम ने प्रभावी नाकाबंदी के दौरान 2 अन्य भारी ट्रकों को कब्जे में लेकर जब्त किया गया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान कुल 19 भारी वाहनों को पुलिस द्वारा जब्त किया गया है। इन सभी वाहनों को खनन और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत आगामी वैधानिक कार्रवाई हेतु अदालत भेजा जा रहा है। एक ट्रैक्टर का मौके पर ही चालान किया गया है।
पुलिस अधीक्षक नूरपुर ने निर्देश दिए हैं कि जिला में प्राकृतिक संसाधनों की अवैध निकासी पर अंकुश लगाने हेतु निरंतर गश्त और औचक निरीक्षण जारी रहेंगे। अवैध खनन के विरुद्ध पुलिस का यह कड़ा रुख भविष्य में भी इसी प्रकार बना रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया