ब्यास नदी में अवैध खनन के मामले में तीन वाहन जब्त

 


धर्मशाला, 11 जुलाई (हि.स.)।अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर एवं खनन विभाग की संयुक्त टीम ने ब्यास नदी के रे पत्तन क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में प्रयुक्त एक पोकलेन (एक्सकैवटर) मशीन को जब्त किया है। इसके अलावा एक जेसीबी और टिप्पर को भी जब्त किया गया है।

पुलिस ने बीती मध्यरात्रि को उपमण्डल पुलिस अधिकारी ज्वाली, क्विक रिस्पॉन्स टीम तथा खनन विभाग की संयुक्त टीम जब रात्रि गश्त पर थी तो गश्त के दौरान गांव रेय खास में ब्यास नदी में एक पोकलेन मशीन अवैध खनन करती हुई पाई गई। इसी दौरान एक जेसीबी तथा एक टिप्पर भी नदी में प्रवेश करते हुए दिखाई दिए। संयुक्त टीम द्वारा घेराबंदी किए जाने पर तीनों वाहनों के चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। बाद में जेसीबी एवं टिप्पर के मालिक मौके पर पहुंच गए, जिनके विरुद्ध खनन विभाग द्वारा नियमानुसार कंपाउंडिंग की कार्रवाई की गई। पोकलेन मशीन का कोई भी मालिक मौके पर उपस्थित नहीं हुआ, जिसके बाद मशीन को कब्जे में लेकर थाना फतेहपुर लाया गया।

खनन निरीक्षक विनय कुमार द्वारा प्रस्तुत शिकायत के आधार पर पुलिस थाना फतेहपुर में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगामी जांच जारी है। पुलिस जिला नूरपुर अवैध खनन के विरुद्ध अपनी कार्रवाई निरंतर जारी रखे हुए है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया