अवैध खनन के खिलाफ नूरपुर पुलिस की कार्रवाई, 2 जेसीबी मशीनें, 4 टिप्पर व 1 ट्रैक्टर जब्त
धर्मशाला, 23 सितंबर (हि.स.)। अवैध खनन गतिविधियों पर पूर्ण अंकुश लगाने के उद्देश्य से नूरपुर पुलिस द्वारा निरंतर निगरानी एवं नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सीआईए नूरपुर की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कंडवाल स्थित चक्की पुल के समीप चक्की खड्ड में अवैध खनन गतिविधियों में प्रयुक्त 4 टिप्पर एवं 2 जेसीबी मशीनों को कब्जे में लिया है। इसके अतिरिक्त पुलिस चौकी ढांगूपीर, थाना डमटाल के क्षेत्र में अवैध खनन के संबंध में 1 ट्रैक्टर को भी कब्जे में लिया गया है।
सीआईए नूरपुर की टीम क्षेत्र में गश्त एवं अवैध गतिविधियों की निगरानी ड्यूटी पर तैनात थी। गश्त के दौरान कंडवाल स्थित चक्की पुल के समीप चक्की खड्ड में अवैध खनन गतिविधि का पता चला। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर अवैध खनन में प्रयुक्त की जा रही भारी मशीनरी एवं वाहनों को कब्जे में लिया।
जब्त किए गए वाहनों एवं मशीनरी
जेसीबी मशीनें 2, टिप्पर: 4 तथा एक ट्रैक्टर शामिल है। कब्जे में लिए गए 4 टिप्पर एवं 2 जेसीबी मशीनों को आगामी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई हेतु पुलिस चौकी कंडवाल के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं, ढांगूपीर क्षेत्र से कब्जे में लिए गए 1 ट्रैक्टर के संबंध में भी नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। संबंधित अधिनियम के अंतर्गत चालान एवं अन्य विधिक प्रक्रियाएं नियमानुसार की जा रही हैं। एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि पुलिस जिला नूरपुर प्राकृतिक संपदा के अवैध दोहन एवं अवैध खनन के प्रति पूरी तरह सजग एवं प्रतिबद्ध है तथा नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया