नूरपुर में अवैध खनन के मामले में एक जेसीबी जब्त, 5 ट्रैक्टरों के चालान

 


धर्मशाला, 31 जुलाई (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा क्षेत्र में अवैध खनन पर अंकुश लगाने हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा (थाना इंदौरा) की पुलिस टीम द्वारा प्रभावी कार्रवाई की गई है।

पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा की टीम गश्त के दौरान मल्लकाना (पलाटा) व मंद भोग्रवां में ब्यास नदी के समीप मौजूद थी। गश्त के दौरान प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थल पर अवैध खनन गतिविधियों में संलिप्त वाहनों/मशीनरी पर कानूनी शिकंजा कसा गया।

कार्रवाई के दौरान माइनिंग एक्ट के तहत 3 ट्रैक्टरों का मौके पर ही चालान कर जुर्माना वसूल किया गया तथा एक जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया गया। इसके अतिरिक्त पुलिस थाना रेहन व पुलिस चौकी गंगथ द्वारा 1-1 ट्रैक्टर का चालान किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया