मुख्यमंत्री के पक्ष में उतरे एचआरटीसी उपाध्यक्ष, कहा, नीरज भारती करवाएं अपना डोप टेस्ट

 


धर्मशाला, 06 जून (हि.स.)। पूर्व संसदीय सचिव और कांग्रेस नेता नीरज भारती द्वारा मुख्यमंत्री पर लगाए गए आरोपों के बाद प्रदेश कांग्रेस में आपसी खींचतान बढ़ गई है। इन आरोपों के बाद मुख्यमंत्री के पक्ष में एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने नीरज भारती की मानसिक स्थिति पर भी सवाल खड़े किए हैं। पूर्व मुख्य संसदीय सचिव नीरज भारती द्वारा मुख्यमंत्री पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए नीरज भारती के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वर्मा ने कहा कि नीरज भारती को इस तरह के आरोप लगाने से पहले अपने राजनीतिक और पारिवारिक इतिहास पर भी गौर करना चाहिए।

अजय वर्मा ने शनिवार को जारी एक प्रेस बयान में आरोप लगाया कि नीरज भारती के पिता चौधरी चंद्र कुमार वर्षों तक कांग्रेस की सरकारों में मंत्री और सांसद रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि नीरज भारती आज भ्रष्टाचार पर सवाल उठा रहे हैं तो उन्हें यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि उनके परिवार ने वर्षों तक राजनीति में रहते हुए जो कुछ हासिल किया उसका आधार क्या था।

वर्मा ने नीरज भारती से अपना डोप टेस्ट कराने की मांग की, जिसके लिए उन्होंने खुद भी तैयार रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि इससे नीरज भारती की मानसिक स्थिति का पता चल सकेगा। वर्मा ने मुख्यमंत्री की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी पहचान संघर्ष, मेहनत और ईमानदारी के बल पर बनाई है।

उन्होंने कहा कि भारती केवल सोशल मीडिया पर आरोप लगाते हैं। हिमाचल की जनता उनके व्यक्तित्व व कार्यशैली से भली-भांति परिचित है, इसलिए उन पर लगाए जा रहे आरोपों की सच्चाई जनता स्वयं जानती है। वर्मा ने कहा कि नीरज भारती अक्सर सोशल मीडिया पर बयानबाजी और आरोप लगाते हैं। उन्होंने जोर दिया कि राजनीति में गंभीर विषयों पर चर्चा होनी चाहिए, न कि केवल सुर्खियां बटोरने के लिए आरोप लगाए जाने चाहिए।

वर्मा ने नीरज भारती के उस बयान पर भी सवाल उठाया कि मौजूदा सरकार के समय कार्यकर्ताओं और जनता के काम नहीं हो रहे हैं। अजय वर्मा ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने खुद कई कार्य नीरज भारती के पिता चौधरी चंद्र कुमार के माध्यम से करवाए हैं।

आज सुधीर शर्मा को नीरज अच्छे लग रहे, कल तक खिलाफ थे

अजय वर्मा ने यह भी कहा कि आज भले ही भाजपा विधायक सुधीर शर्मा को नीरज भारती की बातें अच्छी लग रही हों, लेकिन कुछ समय पहले दोनों नेताओं के बीच हुई तीखी बयानबाजी और विवाद किसी से छिपे नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि नीरज भारती के बयानों से भाजपा को किसी प्रकार का राजनीतिक लाभ नहीं मिलेगा।

गौरतलब है कि दो दिन पूर्व नीरज भारती ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था जिसे मंजूर भी कर लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया