एचपीयू क्षेत्रीय केंद्र धर्मशाला में दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार 8 जून से
धर्मशाला, 20 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्र धर्मशाला में गणित विभाग एवं अर्थशास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वावधान में अगामी 8 और 9 जून को दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय सेमिनार का उद्देश्य देश एवं प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों से जुड़े शिक्षकों, शोधार्थियों तथा स्त्राकोत्तर विद्यार्थियों को एक सांझा शैक्षणिक मंच प्रदान करना है, जहां वे समकालीन एवं ज्वलंत विषयों पर अपने विचार, शोध एवं अनुभव प्रस्तुत कर सकें।
सेमिनार के संयोजक डाॅ. तिलक राज शर्मा (गणित विभाग) तथा डाॅ. किशोर कुमार (अर्थशास्त्र विभाग) ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन के माध्यम से विभिन्न विषयों के विद्वानों के बीच शैक्षणिक संवाद, अनुसंधान सहयोग तथा अंत विषय अध्ययन को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होेंने कहा कि वर्तमान समय में गणित, विज्ञान, वाणिज्य, विधि, अर्थशास्त्र, अन्य सामाजिक विज्ञान के विषयों के बीच अपसी समन्वय और शोध की आवश्यकता निरंतर बढ़ रही है, जिसे ध्यान में रखते हुए इस सेमिनार की रूपरेखा तैयार की गई है।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय क्षेत्रीय केंद्र धर्मशाला के निदेशक प्रो. कुलदीप कुमार अत्री ने बताया कि यह राष्ट्रीय सेमिनार हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा पीएम-उषा (मेरु काॅम्पोनेन्ट) योजना के अंतर्गत वित्तपोषित है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक आयोजन विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को नवीन ज्ञान, अनुसंधान पद्धतियों तथा राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों से संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।
इस सेमिनार में गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, अर्थशास्त्र तथा अन्य संबंधित विषयों से जुड़े शोधपत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। साथ ही विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों से आए विद्वान अपने विचारों एवं शोध निष्कर्षों को साझा करेंगे, जिससे प्रतिभागियों को नवीन शैक्षणिक दृष्टिकोण प्राप्त होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया