राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच ने मनाया विश्व पृथ्वी दिवस

 


पर्यावरण को साफ सुथरा रखना समाज की नैतिक जिम्मेदारी: राज किशोर प्रजापति

धर्मशाला, 22 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच (फेन्स) द्वारा शनिवार को शाहपुर स्थित द्रोणाचार्य कालेज के पर्यावरण क्लब के सौजन्य से आयोजित विश्व पृथ्वी दिवस मनाया गया। इस मौके पर बतौर मुख्यतिथि सचिव फैन्स राज किशोर प्रजापति ने कहा कि वर्तमान दौर में पर्यावरण को बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण स्वयं की मरम्मत करता है, इसे बचाने के लिए सिर्फ कूड़ेदान का सही इस्तेमाल करना है। उन्होंने कहा कि जैसे मां अपने परिवार को पालती है वैसे ही हमें पृथ्वी को सुरक्षित रखना चाहिए। पर्यावरण को साफ सुथरा रखना समाज की नैतिक जिम्मेदारी है। पर्यावरण को खुद हम लोग ही दूषित कर रहे हैं। पेड़ लगाना पृथ्वी के लिए बेहतर है। उन्होंने कहा कि पौधा रोपण करना ही काफी नही है बल्कि उसकी देख रेख व सुरक्षा करना भी हमारी जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता प्रोफेसर दीपक पंत ने वनों के कटाव को रोकने व नदियों में कूड़ा कर्कट न फेंक कर उन्हें साफ सुथरा रखने की नसीहत दी। प्रो. पंत ने जैविक अशुद्धता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजना, पानी को बहाल करने की प्रक्रिया, अनुचित लैंडफिल साइट्स के कारण होने वाली समस्याओं, भूजल प्रदूषण, आधुनिक सैनिटरी लैंडफिल पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं कॉलेज के सांस्कृतिक क्लब ने प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत पर एक समूह नृत्य का आयोजन किया, जिसमे हिमाचल की कांगड़ा, मंडी, कुल्लू व चंम्बा के लोकगीतों को नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में फेन्स के मार्गदर्शक इन्द्रेश द्वारा भेजे गए चन्दन का पेड़ भी रोपा गया। संगठन के कार्यकारणी सदस्य और कालेज के कार्यकारी निदेशक डॉ. बी.एस. पठानिया ने पृथ्वी को कैसे सुशोभित किया जा सकता है, इस पर अपने विचार साझा किए।

वहीं कार्यक्रम के आखिर में मुख्य वक्ता ने पर्यावरण पर आधारित शंकाओं का समाधान किया गया। इसी के साथ प्रदर्शनी में वर्मी कंपोस्टिंग पर ईशा धीमान व सुनैना द्वारा सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति दी गई। कॉलेज के पर्यावरण क्लब के सदस्यों को बेहतरीन कार्य के लिए प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र/उज्ज्वल