सीयू के 44 विद्यार्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन

 


धर्मशाला, 18 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने कहा कि विश्वविद्यालय कौशल विकास पर केंद्रित शिक्षा प्रणाली को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य कर रहा है, जिससे डिग्री पूर्ण होने के बाद विद्यार्थियों को आसानी से रोजगार उपलब्ध हो सके। नई शिक्षा नीति को लागू करने में विश्वविद्यालय पूरे देश में अग्रणी रहा है। विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में कौशल विकास से संबंधित पाठ्यक्रम को बनाने और पढ़ाने की दिशा में कार्य हो रहा है। विद्यार्थियों के प्रशिक्षण और प्लेसमेंट को ध्यान में रखते हुए विभागों द्वारा अनेक गतिविधियों और कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। इसी के तहत कई विभागों द्वारा विश्वविद्यालय कैंपस में विभिन्न कंपनियों को बुलाकर प्री-प्लेसमेंट वार्ता का आयोजन अभी हाल ही में किया गया, जिसके तहत विभिन्न विभागों से विद्यार्थियों का चयन कंपनियों द्वारा किया गया। कुलपति ने इस वित्त वर्ष में विश्वविद्यालय के 44 विद्यार्थियों को प्री-प्लेसमेंट ऑफर लेटर प्रदान करते हुए यह बात कही।

उन्होंने कहा कि इस क्रम को आगे बढ़ाते हुए भविष्य में भी विद्यार्थियों के प्रशिक्षण और रोजगार हेतु ठोस प्रयास किए जाएंगे। वहीं विश्वविद्यालय के प्रशिक्षण एवं नियोजन प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. अमित गंगोटिया ने बताया कि कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों के प्रशिक्षण और प्लेसमेंट को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी के तहत इस वर्ष अभी तक 44 विद्यार्थियों का चयन विभिन्न कंपनियों द्वारा किया गया है।

चयनित विद्यार्थियों में 30 विद्यार्थी एमबीए विभाग के हैं, जिन्हें टीसीएस, टाटा पावर, वर्धमान, इंफिनिटी होटल, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल, स्वराज ट्रैक्टर, एक्सिस मैक्स लाइफ इंश्योरेंस और बजाज फाइनेंस द्वारा प्री-प्लेसमेंट ऑफर दिए गए हैं। वहीं समाज कार्य विभाग के 8 विद्यार्थियों का चयन गांधी फेलोशिप के लिए हुआ है। इसके अलावा विभाग के 3 विद्यार्थियों को अजीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा चुना गया है। वहीं समाजशास्त्र विभाग के दो, इतिहास विभाग के एक और अर्थशास्त्र विभाग के दो विद्यार्थी को अजीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा प्री-प्लेसमेंट ऑफर दिए गए।

इस दौरान विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. जितेंद्र कुमार, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के निदेशक प्रो. अमित गंगोटिया, कुलपति के सचिव प्रो. सुमन शर्मा सहित अन्य शिक्षक तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया