एचपीसीयू और सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के बीच एमओयू हस्ताक्षरित

 


धर्मशाला, 15 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय और भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के मध्य डॉ. अंबेडकर फाउंडेशन, नई दिल्ली में मंगलवार को तीन वर्षों के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता विश्वविद्यालय के डॉ. अंबेडकर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की पिछले तीन वर्षों की उपलब्धियों एवं सफलता के मूल्यांकन के पश्चात किया गया है। विश्वविद्यालय की ओर से अधिष्ठाता अकादमिक एवं डॉ. अंबेडकर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के नोडल अधिकारी प्रो. डॉ. प्रदीप कुमार ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के जॉइंट सेक्रेटरी श्री प्रवीण, डॉ. अंबेडकर फाउंडेशन के निदेशक विनेश पचनंदा एवं रवि त्रिपाठी उपस्थित रहे।

प्रतियोगी परीक्षाओं में विद्यार्थियों की उल्लेखनीय सफलता

डॉ. अंबेडकर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय ने पिछले तीन वर्षों के दौरान विद्यार्थियों को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (एचएएस) एवं अन्य संबद्ध प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन एवं शैक्षणिक सहायता प्रदान की है।

केंद्र की प्रमुख उपलब्धियों में पिछले तीन वर्षों के दौरान 20 विद्यार्थियों का विभिन्न सरकारी नौकरियों में चयन शामिल है। इसके अतिरिक्त, केंद्र के 20 विद्यार्थियों ने यूपीएससी, एचएएस एवं अलाइड सर्विसेज की प्रारंभिक परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की है।

पिछले तीन वर्षों की सफलता के मूल्यांकन के पश्चात अगले तीन वर्षों के लिए हुए इस समझौता ज्ञापन से डॉ. अंबेडकर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की शैक्षणिक एवं मार्गदर्शन गतिविधियों को निरंतरता मिलेगी। केंद्र का उद्देश्य सामाजिक एवं आर्थिक रूप से वंचित वर्गों के विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, मार्गदर्शन एवं अवसर प्रदान करना है।

इस समझौते से केंद्र के माध्यम से विद्यार्थियों को संघ लोक सेवा आयोग, हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा तथा अन्य संबद्ध प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।

उधर केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. सत प्रकाश बंसल ने डॉ. अंबेडकर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने केंद्र की पिछले तीन वर्षों की सफलता की सराहना करते हुए आगामी तीन वर्षों में भी विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उत्कृष्ट अवसर प्रदान करने की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया