केंद्रीय विश्वविद्यालय में तैयार किया जा रहा द्विभाषी पाठ्यक्रम : प्रो. बंसल
धर्मशाला, 07 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने सभी विभागों-केंद्रों में पढ़ाए जा रहे सभी पाठ्यक्रमों के सिलेबस को पूर्ण रूप से द्विभाषी कर संकलित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी विभागों-केंद्रों द्वारा हिंदी में तैयार की जा रही कुल 50 से अधिक पुस्तकों को शीघ्र तैयार करने के उपरांत प्रकाशन का कार्य पूर्ण करने का भी निर्देश दिया।
कुलपति सोमवार को भारत सरकार की राजभाषा नीति के अनुपालन और विश्वविद्यालय में राजभाषा हिंदी की प्रगति की समीक्षा के लिए आयोजित राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे। इस बैठक में कुलपति ने राजभाषा हिंदी के मदों के अनुपालन की बिंदुवार समीक्षा भी की।
कुलपति ने विश्वविद्यालय में नई भर्ती आशुलिपिकों को बाह्य विशेषज्ञ के माध्यम से हिंदी आशुलिपि में इनहाउस प्रशिक्षित करवाने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने विश्वविद्यालय के सभी नवीन भर्ती टंककों को हिंदी शब्द संसाधन (टंकण) में भी समयबद्ध रूप से प्रशिक्षित करने का निर्देश दिया, जिससे कि वे हिंदी में शत-प्रतिशत कामकाज कर विश्वविद्यालय के कार्य को हिंदी में और बढ़ा सकें।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने निर्धारित लक्ष्यों को सफलतापूर्वक प्राप्त कर लिया है, परंतु हमें लक्ष्यों से आगे बढ़ कर उच्चतर शिक्षा में भारतीय भाषाओं और हिंदी के प्रयोग को प्रत्येक स्तर पर बढ़ाना होगा। उन्होंने कहा कि हिंदी में अध्ययन-अध्यापन को सुविधाजनक बनाए जाने की आवश्यकता है, जिसके लिए विश्वविद्यालय के शिक्षकों द्वारा हिंदी माध्यम में कुल 50 से अधिक पाठ्य-पुस्तकें तैयार की जा रही हैं और विश्वविद्यालय द्वारा शीघ्र ही उन्हें प्रकाशित किया जा रहा है।
बैठक में सहायक निदेशक (राजभाषा) संजय कुमार सिंह ने विश्वविद्यालय में 1 सितंबर 2026 से लेकर 28 सितंबर 2026 तक मनाए जा रहे हिंदी माह के दौरान प्रस्तावित प्रतियोगितओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुलपति के निर्देशानुसार विश्वविद्यालय द्वारा हिंदी माह, 2026 के अंतर्गत पूरे सितंबर माह में विश्वविद्यालय के सभी परिसरों के विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शैक्षणिक एवं शिक्षकेतर कर्मियों के लिए विभिन्न प्रतियोतगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही, सामुदायिक समागम के अंतर्गत धर्मशाला में आसपास के कुल 3 स्कूलों के कक्षा 1 से लेकर 12 कक्षा तक के विद्यार्थियों हेतु भी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनके विजेताओं को भी नकद पुरस्कार के साथ-साथ प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
बैठक में प्रो. सत प्रकाश बंसल, कुलपति, प्रो. नरेन्द्र कुमार सांख्यान, कुलसचिव, प्रो. प्रदीप कुमार, अधिष्ठाता अकादमिक, प्रो. सुमन शर्मा सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न स्कूलों एवं विभागों-केंद्रों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष एवं केंद्र निदेशक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया