आईआईआरएफ में चमका केंद्रीय विश्वविद्यालय, देशभर के विश्वविद्यालयों में हासिल किया नौवां स्थान

 

धर्मशाला, 05 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएचपी) ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। भारतीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क 2025 की ताजा रैंकिंग में विश्वविद्यालय ने देशभर के सरकारी विश्वविद्यालयों में नौवां स्थान हासिल किया है। इससे पहले विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद नैक द्वारा ए-प्लस ग्रेड भी प्रदान किया जा चुका है।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह उपलब्धि शिक्षण, शोध, नवाचार, छात्र सहायता और शैक्षणिक गुणवत्ता के क्षेत्र में निरंतर किए गए प्रयासों का परिणाम है। रैंकिंग में केंद्रीय विश्वविद्यालय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए हिमाचल प्रदेश के शीर्ष विश्वविद्यालयों में अपनी मजबूत पहचान बनाई है।

कुलपति प्रो. एस.पी. बंसल ने इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधार्थियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और अस्थायी परिसरों में संचालित होने के बावजूद विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है।

उल्लेखनीय है कि धर्मशाला स्थित हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना वर्ष 2009 में हुई थी और आज यह शोध, नवाचार तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में देश के अग्रणी विश्वविद्यालयों में गिना जाता है। विश्वविद्यालय पहले से ही नैक का ए प्लस ग्रेड प्राप्त कर चुका है, जो इसकी शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया