सीयू में हिमालयन लाइफ साइंस सोसायटी की नई कार्यकारिणी का गठन, प्रो. महेश कुलहारिया बने अध्यक्ष
धर्मशाला, 10 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएचपी), शाहपुर परिसर स्थित स्कूल ऑफ लाइफ साइंसेज के अंतर्गत हिमालयन लाइफ साइंस सोसायटी की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनाव प्रक्रिया का आयोजन किया गया। चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रो. महेश कुलहारिया को सोसायटी का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। वहीं, डॉ. राकेश कुमार दरोच, डॉ. सचिन उपमन्यु एवं प्रोफेसर प्रवीण मेहता को उपाध्यक्ष चुना गया। डॉ. राकेश कुमार ठाकुर को महासचिव एवं डॉ. दिनेश लखनपाल को कोषाध्यक्ष के पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसके अतिरिक्त राजेश कुमार, विनीत सिंह ठाकुर, रिया रेहान एवं अनमोल सूद को सोसायटी का संयुक्त सचिव निर्वाचित किया गया। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का कार्यकाल तीन वर्ष का होगा।
गौर हो कि हिमालयन लाइफ साइंस सोसायटी हिमालयी एवं आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में जीव विज्ञान से संबंधित शोध, नवाचार एवं अकादमिक गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है। सोसायटी द्वारा समय-समय पर सेमिनार, कार्यशालाएं एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में डॉ. राकेश कुमार की अध्यक्षता में एक शोध परियोजना संचालित की जा रही है, जिससे विद्यार्थियों एवं युवा शोधकर्ताओं को शोध के अवसर मिल रहे हैं। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए प्रोफेसर प्रदीप कुमार (अधिष्ठाता अकादमिक) ने चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में अपनी भूमिका निभाई।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति एवं हिमालयन लाइफ साइंस सोसायटी के मुख्य संरक्षक प्रोफेसर सत प्रकाश बंसल द्वारा सोसायटी के पूर्व कार्यकारिणी द्वारा किए गए कार्यों की प्रशंसा की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया