केंद्रीय विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह 14 मार्च को, उपराष्ट्रपति होंगे मुख्यातिथि
धर्मशाला, 04 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश का 9वां दीक्षांत समारोह 14 मार्च को राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के सभागार में आयोजित किया जाएगा। इस समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन उपस्थित रहेंगे।
समारोह में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति द्वारा की जाएगी।
802 विद्यार्थियों को प्रदान की जाएंगी डिग्रियां
दीक्षांत समारोह के दौरान विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों के अंतर्गत कुल 802 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 420 छात्राएं एवं 382 छात्र शामिल हैं।
समारोह में 37 शोधार्थियों को पीएचडी उपाधि प्रदान की जाएगी, जिनमें 18 छात्राएं एवं 19 छात्र शामिल हैं। स्नातकोत्तर (पीजी) कार्यक्रमों के अंतर्गत 665 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी, जिनमें 354 छात्राएं एवं 311 छात्र हैं। इसी प्रकार स्नातक (यूजी) कार्यक्रमों में 89 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी, जिनमें 46 छात्राएं एवं 43 छात्र शामिल हैं।
एम.फिल. कार्यक्रम के अंतर्गत 11 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की जाएगी, जिनमें 2 छात्राएं एवं 9 छात्र सम्मिलित हैं।
32 मेधावियों को मिलेंगे स्वर्ण पदक
दीक्षांत समारोह के अवसर पर शैक्षणिक उत्कृष्टता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को कुल 32 स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे, जिनमें 23 छात्राएं एवं 9 छात्र शामिल हैं। स्नातकोत्तर स्तर पर 25 तथा स्नातक स्तर पर 7 स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे।
अब तक कौन कौन रहे मुख्यातिथि
विश्वविद्यालय के पूर्व दीक्षांत समारोहों में परम पावन दलाई लामा, पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री स्मृति ईरानी, भारत के पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद तथा भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जैसी प्रतिष्ठित हस्तियां मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता कर चुकी हैं।
उधर सीयू के कुलपति प्रो. एसपी बंसल ने कहा कि दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। समारोह को सफल बनाने के लिए अलग अलग कमेटीयों का गठन किया गया है। सभी अपने अपने स्तर पर तैयारियों को देख रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया