स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत सीयू में पौधरोपण, कुलपति ने रोपा पौधा

 


धर्मशाला, 28 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय में शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम स्वच्छता ही सेवा-2026 के अंतर्गत चलाए गए विशेष अभियान के अवसर पर बुधवार को पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने कुलपति सचिवालय में पौधारोपण करके उक्त कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने नगर निगम धर्मशाला के 17 वार्डों के 32 कर्मठ सफाई मित्रों को सुरक्षा किट देकर सम्मानित भी किया। उनके निर्देशन में इस अवसर पर सफाई कर्मियों हेतु विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर विश्वविद्यालय के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुराग शर्मा द्वारा लगाया गया जिसमें उनके स्वास्थ्य की जांच एवं दवाइयां वितरित की गई।

इस मेगा स्वच्छता अभियान के अंतर्गत विश्वविद्यालय के तीनों परिसरों में समस्त प्राध्यापकों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं गैर शिक्षक कर्मियों ने अपने-अपने विभाग में स्वच्छता अभियान चलाए एवं विभिन्न गतिविधियों जैसे पौधारोपण, ई-वेस्ट मैनेजमेंट क्लीनलीनेस टारगेट यूनिट की सफाई, जल स्रोतों का पुनरुद्धार के साथ परिसर निदेशकों द्वारा स्वच्छता शपथ सहित लगभग 28 गतिविधियों में भाग लिया। वहीं हिमाचल प्रदेश सप्त सिंधु परिसर देहरा में 26 से 28 अक्टूबर तक आयोजित वार्षिक खेल प्रतियोगिता के दौरान भारत सरकार के स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत एचपीसीए स्टेडियम में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

सप्त सिंधु परिसर देहरा की नोडल अधिकारी प्रो. शशि पूनम ने बताया कि स्वच्छता को व्यक्तिगत आदत के साथ-साथ सामुदायिक जिम्मेदारी और सामाजिक सहभागिता से जोड़ना अति आवश्यक है। वहीं इस मौके पर सप्त सिंधु परिसर के निदेशक प्रो. संजीत सिंह ठाकुर ने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया