आदर्श आचार संहिता के बीच हुई कैबिनेट बैठक को लेकर मुख्यमंत्री से मांगा है जवाब : राज्यपाल

 

धर्मशाला, 27 मई (हि.स.)।

प्रदेश में आदर्श आचार संहिता के बीच राज्य सरकार द्वारा मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित करने को लेकर प्रदेश भाजपा द्वारा बीते दिनों राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन को लेकर राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि राजनीतिक पार्टियां इस तरह की शिकायतें करती हैं। इस संबंध में उन्होंने एक पत्र मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को लिखा गया है, ऐसे में स्वभाविक बात है कि ऐसी कोई बात होगी तो उस पर एक्शन लेंगे। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने यह बात बुधवार को धर्मशाला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कही। राज्यपाल परिवार सहित मंगलवार को धर्मशाला में खेले गए आईपीएल के पहले क्वालीफायर को देखने धर्मशाला पहुंचे थे।

नशे के सवाल पर राज्यपाल ने कहा कि नशे से प्रदेश को बचाने के लिए मिशन बनाकर काम करना होगा। नशा हमारे यूथ को बर्बाद कर रहा है। सरकारी संस्थाओं के साथ सामाजिक संस्थाओं का इसमें आगे आना होगा, साथ ही सभी को परिवार से नशे के खिलाफ अभियान छेड़ना होगा।

धर्मशाला में खेले गए आईपीएल के पहले क्वालीफायर को लेकर राज्यपाल ने कहा कि धर्मशाला में क्रिकेट का अच्छा इवेंट हो रहा था तो मुझे लगा कि लोगों के बीच में जाना चाहिए। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए धर्मशाला का स्टेडियम एक माध्यम है, भविष्य में पर्यटन को और बढ़ावा मिले, इसके लिए भी मापदंड अपनाने होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया