गद्दी समुदाय की छह उपजातियों के साथ दोबारा जुड़े ‘गद्दी’ शब्द, हिमालयन गद्दी यूनियन ने शीतकालीन सत्र में मुद्दा उठाने की मांग की
धर्मशाला, 15 नवंबर (हि.स.)।
गद्दी समुदाय की छह वंचित उपजातियों के नाम के साथ राजस्व रिकॉर्ड में दोबारा ‘गद्दी’ शब्द जोड़ने की मांग को लेकर हिमालयन गद्दी यूनियन ने प्रदेश सरकार से जल्द फैसला लेने की अपील की है। यूनियन ने तपोवन में सोमवार से शुरू हो रहे विधानसभा के शीतकालीन सत्र में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने और ठोस कार्रवाई करने की मांग की है।
धर्मशाला में रविवार को पत्रकार वार्ता के दौरान यूनियन के अध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि पिछले कई वर्षों से इस मामले को सरकार और संबंधित विभागों के समक्ष उठाया जा रहा है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। उन्होंने कहा कि राजस्व रिकॉर्ड में कुछ उपजातियों के नाम से गद्दी शब्द हट गया है, जिसे दोबारा जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि राजस्व रिकॉर्ड में सुधार से जुड़े इस मामले को कभी जनजातीय तो कभी राजस्व विभाग के पास भेजकर क्यों उलझाया जा रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि विधानसभा सत्र के शुरुआती दिनों में इस विषय को सदन में उठाने के लिए पांच से दस मिनट का समय दिया जाए। उन्होंने कहा कि केवल जीरो ऑवर में मुद्दा उठाने तक बात सीमित न रहे, बल्कि संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर समाधान की दिशा में कार्रवाई हो।
डॉ. महेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री को दाड़ी मेला मैदान में दिए गए पुराने आश्वासन की याद दिलाते हुए कहा कि इस मामले में जिलाधीश के माध्यम से चार बार जांच हो चुकी है और सचिव स्तर के अधिकारियों ने भी पड़ताल की है। सभी दस्तावेज सरकार के पास उपलब्ध होने के बावजूद फैसला लंबित है। उन्होंने कहा कि राजस्व रिकॉर्ड में सुधार के लिए किसी अतिरिक्त बजट की जरूरत नहीं है। यह समुदाय के मान-सम्मान और पहचान से जुड़ा विषय है। यूनियन ने चेतावनी दी कि मांग की अनदेखी होने पर समुदाय आंदोलन और प्रदर्शन करने को मजबूर होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया