जनता ने कांग्रेस सरकार को दिखाई बाहर की राह : बिक्रम ठाकुर

 




धर्मशाला, 02 जून (हि.स.)। पूर्व उद्योग मंत्री एवं जसवां-परागपुर विधायक बिक्रम ठाकुर ने पंचायती राज संस्थाओं एवं नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक सफलता पर प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चुनाव परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि हिमाचल प्रदेश की जनता का कांग्रेस सरकार से मोहभंग हो चुका है। इन चुनावों में भाजपा को मिला भारी जनसमर्थन और कांग्रेस की करारी पराजय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार की नीतियों, कार्यशैली और वादाखिलाफी के खिलाफ जनता का स्पष्ट निर्णय है।

बिक्रम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री चुनाव परिणामों के बाद जिस प्रकार भाजपा नेतृत्व पर अनर्गल टिप्पणियां कर रहे हैं, उससे साफ है कि वे जनता के फैसले को स्वीकार करने की स्थिति में नहीं हैं। लोकतंत्र में जनता सर्वोच्च होती है, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व जनादेश का सम्मान करने के बजाय उसे नकारने का प्रयास कर रहा है। यह जनता की बुद्धिमत्ता और लोकतांत्रिक मूल्यों दोनों का अपमान है।

उन्होंने कहा कि चार नगर निगमों में से तीन मंडी, धर्मशाला और सोलन में भाजपा की शानदार विजय तथा जिला परिषद, बीडीसी और पंचायत स्तर पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की भारी सफलता ने कांग्रेस के झूठे दावों की पोल खोल दी है। मुख्यमंत्री और कांग्रेस के मंत्री चुनावों से पहले बड़े-बड़े दावे कर रहे थे, लेकिन परिणाम आने के बाद उनकी राजनीतिक हकीकत पूरे प्रदेश के सामने आ गई है।

बिक्रम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस सरकार के ढाई वर्षों के कार्यकाल का मूल्यांकन कर अपना निर्णय सुनाया है। चुनावों में जनता ने बेरोजगारी, विकास कार्यों की धीमी गति, आर्थिक कुप्रबंधन, कर्मचारियों के साथ किए गए वादों से मुकरने और जनहित के मुद्दों पर सरकार की विफलता के खिलाफ मतदान किया है। यही कारण है कि कांग्रेस को प्रदेशभर में निराशाजनक परिणामों का सामना करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बार-बार भाजपा की जीत को कम करके दिखाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि सच्चाई यह है कि भाजपा की यह सफलता संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है। कांग्रेस यह समझने को तैयार नहीं है कि जनता केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाले कामों से प्रभावित होती है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया