शाहपुर की पांच बेटियों का राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन, विधायक पठानिया ने किया सम्मानित
धर्मशाला, 22 अक्टूबर (हि.स.)। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घरोह की पांच होनहार बेटियों प्रतिज्ञा, खुशी शर्मा, शान्वी, आरुषि और मिलर डोल्मा का राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। इन लड़कियों के चयन पर शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
रैत में इन बेटियों से मुलाकात के दौरान केवल सिंह पठानिया ने कहा कि एक ही विद्यालय की पांच बेटियों का राष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन होना पूरे शाहपुर क्षेत्र के लिए गर्व और खुशी की बात है। यह उपलब्धि बेटियों की मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा के साथ-साथ विद्यालय के मार्गदर्शन को भी दर्शाती है। उन्होंने सभी बेटियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से उनकी सम्मान राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की है। इससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और युवा खेलों के प्रति अधिक प्रेरित होंगे।
इस अवसर पर विधायक ने पांचों बेटियों को मफलर, टोपी और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा उनका मुंह मीठा करवाया। उन्होंने बेटियों की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें जूते और ट्रैक सूट उपलब्ध करवाने की बात भी कही।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया